नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तेलंगाना सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए रबी 2026 सीजन में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर 894 करोड़ रुपये से अधिक की फसल खरीद की अनुमति दी है। यह जानकारी प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई। इस प्रस्ताव के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के माध्यम से कुल 1,25,855 मीट्रिक टन फसलों की खरीद की जाएगी। इसमें, 29,860 मीट्रिक टन चना, 37,020 मीट्रिक टन उड़द, 55,285 मीट्रिक टन मूंगफली और 3,690 मीट्रिक टन सूरजमुखी शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, केंद्र सरकार का उद्देश्य किसानों को बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव से बचाना और उन्हें उनकी उपज का पूरा मूल्य दिलाना है। उन्होंने बताया कि, इस निर्णय से तेलंगाना के किसानों को बेहतर कीमत मिलेगी और दलहन तथा तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि, केंद्र सरकार देशभर के किसानों को उनके परिश्रम के लिए उचित पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
चौहान ने यह भी कहा कि, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि, यह फैसला किसानों को राहत और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, क्योंकि इससे उन्हें अपनी फसल बहुत कम कीमत पर मजबूरी में बेचने से बचाव मिलेगा। इस कदम से तेलंगाना में चना, उड़द, मूंगफली और सूरजमुखी की खेती करने वाले किसानों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है और इससे राज्य के कृषि क्षेत्र में स्थिरता और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।


















