कोल्हापुर : मानसून के दौरान भूस्खलन के कारण सड़क कमजोर होने के बाद से अम्बा घाट भारी वाहनों के लिए बंद है। अम्बा घाट कोल्हापुर और रत्नागिरी जिलों को जोड़ता है, जहां इस वर्ष बहुत भारी वर्षा हुई।
टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के मुताबिक, ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि, घाट में मरम्मत का काम धीमी गति से चल रहा है और उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहनों को वैकल्पिक लंबा रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे यात्रा की दूरी 60-70 किमी बढ़ रही है।रत्नागिरी में जयगढ़ बंदरगाह का अक्सर चीनी निर्यात के लिए उपयोग किया जाता है। हर साल इस बंदरगाह से लगभग 5 लाख टन चीनी का निर्यात किया जाता है और महाराष्ट्र और कर्नाटक से चीनी रोजाना बंदरगाह पर आती है। चूंकि जयगढ़ बंदरगाह तक पहुंचने के लिए वाहनों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, इसलिए इसमें अधिक समय और पैसा लगता है। जयगढ़ बंदरगाह तक जाने के लिए वाहन मालिक आसानी से राजी नहीं हो रहे हैं। नतीजतन, मिलों से चीनी का उत्पादन भी समय पर नहीं हो रहा है और मिलर्स, व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को नुकसान हो रहा है।











