लखीमपुर : रिजेक्ट गन्ना प्रजाति से किसानों जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है।खीरी जिले करीब 6663 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी रिजेक्ट प्रजाति से अपेक्षित उत्पादन मिल पा रहा है। कम पैदावार, बढ़ती लागत और समय पर भुगतान न होने से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। जागरण में प्रकाशित खबर के मुताबिक, इस समस्या से किसानों को राहत दिलाने के लिए गन्ना विभाग ने ठोस और एडवांस कार्ययोजना तैयार की है। योजना के तहत चरणबद्ध तरीके से रिजेक्ट गन्ना प्रजाति को हटाकर अगेती और अधिक उत्पादन देने वाली प्रजातियों की बुआई कराई जाएगी। इसके लिए किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि फसल की गुणवत्ता और उत्पादकता दोनों में सुधार हो सके।
गन्ना विभाग द्वारा किसानों को वैज्ञानिक तरीके से गन्ना बोआई, बीज शोधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग और आधुनिक खेती पद्धतियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अगेती प्रजाति की बोआई से प्रति हेक्टेयर उत्पादन बढ़ेगा। जिला गन्ना अधिकारी वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि, यह योजना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि जिले में लंबे समय से रिजेक्ट गन्ना प्रजाति बोई जा रही थी, जिससे किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा था।
















