नई दिल्ली : भारत-अमेरिका ट्रेड डील भारतीय किसानों को सुरक्षा देती है, जिसमें चीनी, चावल, गेहूं, सोया और मक्का जैसी मुख्य फसलों को द्विपक्षीय समझौते से बाहर रखा गया है, जिसकी घोषणा अगले कुछ दिनों में होने की संभावना है।मनीकंट्रोल ने सरकारी सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। इस हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन कॉल के बाद दोनों पक्षों ने बड़े समझौते की घोषणा की थी। सूत्रों ने बताया कि, यह ट्रेड पैक्ट चीनी और डेयरी इंडस्ट्री को भी छूट देता है, जिससे प्रमुख घरेलू सेक्टरों को सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
ट्रंप ने 2 फरवरी को कहा था कि, अमेरिका ने भारत के साथ लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रेड डील के लिए एक समझौता किया है, जो नई दिल्ली के शिपमेंट पर टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। इससे पहले 4 फरवरी को, लोकसभा में तीखी राजनीतिक बहस के बीच, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि, भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देते समय अपने-अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेंगे।
समझौते को लेकर चिंताओं को दूर करते हुए, गोयल ने जोर देकर कहा कि भारत अपने कृषि और डेयरी सेक्टरों के हितों से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि, संवेदनशील घरेलू सेक्टरों में कोई ढील नहीं दी जाएगी।इस समझौते से कपड़ा, परिधान, चमड़ा और रत्न और आभूषण जैसे श्रम-गहन उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण अवसर खुलने की उम्मीद है, साथ ही भारत को अमेरिका से उन्नत प्रौद्योगिकी और नवाचार तक पहुंच भी मिलेगी।















