मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) : टिकौला शुगर मिल ने गन्ना बुआई में किसानों को जागरूक करने के लिए एक अभियान शुरू किया है।इसके तहत एक टीम गांव-गांव जाकर किसानों को नई तकनीकों और उन्नत किस्मों के बारे में जानकारी देगी।मिल मालिक के प्रतिनिधि वेदांत स्वरूप, जीएम हिमांशु कुमार मंगलम और सुनील दत्त ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। भास्कर में प्रकाशित खबर के अनुसार, वेदांत स्वरूप ने कहा कि क्षेत्र में गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को बुआई का सही समय, सही गन्ना किस्म का चुनाव और ट्रेंच विधि का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने टीम को निर्देश दिए कि वे किसानों से संपर्क कर गन्ना उत्पादन बढ़ाने, बीमारियों से बचाव और नई गन्ना किस्मों की बुआई की विस्तृत जानकारी दें। जीएम हिमांशु कुमार मंगलम ने टीम को संबोधित करते हुए किसानों को को. 0238 गन्ना किस्म की बुआई न करने की सलाह देने को कहा।बुआई से पहले गन्ना बीज को फफूंदनाशक और कीटनाशक दवा से उपचारित करना अनिवार्य है। इस अवसर पर मोहनलाल शर्मा, अविनाश सिंह, दिनेश कुमार अग्रहरि, सुधीर गुप्ता, ऋषिपाल धामा, राजेंद्र सिंह, अरविंद शर्मा और अनुपम देओल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

















