उत्तराखंड : चीनी मिल में हादसा, एक मजदूर की मौत, दो घायल

ऋषिकेश: ऋषिकेश स्थित डोईवाला चीनी मिल में मशीनों की सफाई के दौरान हुए हादसे में एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। शनिवार को हुई इस घटना के बाद मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार पेराई सत्र समाप्त होने के बाद चीनी मिल बंद थी। इसके बाद ठेकेदार अशोक के माध्यम से मजदूरों से मिल की मशीनों की सफाई और रखरखाव का काम कराया जा रहा था। घटना के समय मजदूर मशीनों के अंदर जमी हुई चीनी निकाल रहे थे, तभी अचानक हादसा हो गया और तीनों मजदूर घायल हो गए। हालांकि, हादसे के सही कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पंजाब केसरी में प्रकाशित खबर के अनुसार, घटना के बाद मिल प्रबंधन ने घायल मजदूरों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान जगमोहन (28 वर्ष) पुत्र रामकुमार, निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) की मौत हो गई।दूसरे मजदूर अरुण (23 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश के पैर में गंभीर चोट आई है और डॉक्टरों ने उनके पैर में टांके लगाए हैं। तीसरे मजदूर घनश्याम, जो हरदोई के रहने वाले हैं, को हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।पुलिस और प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here