हरियाणा: चीनी मिल एजेंट बनकर साइबर ठगी, आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

हिसार : हांसी में चीनी बेचने के नाम पर 3.86 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना हांसी की टीम ने आरोपी को दिल्ली से पकड़ा और अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में उपनिरीक्षक सज्जन कुमार की टीम ने इस मामले में कार्रवाई की।

जांच में सामने आया कि, शिकायतकर्ता के पिता ने मोबाइल पर चीनी खरीदने का एक विज्ञापन देखा था। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर संदेश आने लगे। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को चीनी मिल का एजेंट बताया और व्हाट्सएप कॉल के जरिए सौदे की बातचीत की। आरोपी ने पहले अग्रिम भुगतान और बाद में शेष राशि देने की बात कहकर विश्वास दिलाया। उसके झांसे में आकर शिकायतकर्ता के पिता ने अलग-अलग किश्तों में कुल 3,86,900 रुपये उसके खाते में ट्रांसफर कर दिए। लेकिन कई दिनों तक चीनी की डिलीवरी नहीं होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

इसके बाद साइबर थाना हांसी में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी आरोपी अचल्ल को दिल्ली से गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने और ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here