पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य चेतावनी लेबल : FSSAI ने सुप्रीम कोर्ट से और समय मांगा

नई दिल्ली: भारत के खाद्य नियामक FSSAI ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि, वह अभी यह तय कर रहा है कि पैकेज्ड फूड पर चेतावनी लेबल कैसे दिखने चाहिए—सरल चित्रों के रूप में या तालिका के रूप में—जबकि इस लंबित सुधार को लागू करने का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ‘द प्रिंट’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, 13 मार्च 2026 को दाखिल हलफनामे में FSSAI ने कहा कि वह उच्च वसा, चीनी और नमक (HFSS) वाले खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित करने के लिए तालिका या चित्रात्मक प्रारूप पर विचार कर रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को सूचित विकल्प चुनने में मदद मिल सके।

अधिकारियों ने कहा कि, वह HFSS खाद्य पदार्थों के लिए मौजूदा सिफारिशों और मानदंडों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि नियमों में वैज्ञानिक संगति बनी रहे। इसके साथ ही FSSAI यह भी विचार कर रहा है कि, HFSS से संबंधित पोषण संबंधी जानकारी फ्रंट-ऑफ-पैक लेबल पर दिखाई जाए। FSSAI ने वैश्विक प्रथाओं की समीक्षा के आधार पर कहा कि, 44 देशों में फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग लागू की गई है, जिनमें से 16 देशों में इसे अनिवार्य बनाया गया है और अन्य ने इसे स्वैच्छिक आधार पर अपनाया है।

हालांकि, FSSAI ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि भारत की विशाल जनसांख्यिकीय विविधता, बहुभाषी वातावरण और अलग-अलग साक्षरता स्तरों के कारण किसी भी देश के मॉडल को सीधे भारत में लागू नहीं किया जा सकता।नियामक ने कहा कि, प्रारूप को अंतिम रूप देने से पहले और अधिक परामर्श की आवश्यकता है और उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव पेश करने के लिए छह सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा है।

यह हलफनामा सुप्रीम कोर्ट के 10 फरवरी के आदेश के बाद आया है, जिसमें FSSAI से पैकेज्ड फूड उत्पादों पर फ्रंट-ऑफ-पैक लेबल अनिवार्य करने पर विचार करने को कहा गया था। कोर्ट ने कहा था कि, ऐसे लेबल में उच्च शुगर, सोडियम या संतृप्त वसा के लिए चेतावनी लेबल शामिल हो सकते हैं और स्वस्थ उत्पादों के लिए एक सकारात्मक फ्रंट-ऑफ-पैक लोगो भी सुझाया गया था।

पिछले हलफनामे की समीक्षा के बाद, कोर्ट ने कहा था कि वह संतुष्ट नहीं है और प्रारंभिक रूप में देखा कि अब तक किए गए प्रयासों से कोई सकारात्मक या अच्छा परिणाम नहीं निकला है। नवीनतम हलफनामे में FSSAI ने कोर्ट को यह भी बताया कि 19 मार्च को प्रस्तावित लेबलों पर एक ‘स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन’ आयोजित किया जाएगा। इसके परिणामों के आधार पर, FSSAI एक मसौदा संशोधन नियम तैयार करेगा। यह मसौदा फिर वैज्ञानिक पैनल, वैज्ञानिक समिति और खाद्य प्राधिकरण को प्रस्तुत किया जाएगा, इसके बाद स्वास्थ्य मंत्रालय में विचार के लिए भेजा जाएगा।

हलफनामे में पूरी प्रक्रिया इस प्रकार बताई गई है…

“स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) की मंजूरी के बाद, यदि यह फिर से मसौदा नियम है, तो इसे जनता की टिप्पणियों के लिए गज़ट में प्रकाशित किया जाता है, जिसमें 60 दिन का समय दिया जाता है और पूरी प्रक्रिया दोहराई जाती है। यदि यह अंतिम नियम है, तो इसे विधि मंत्रालय के विधायी विभाग को जांच के लिए भेजा जाता है और फिर MoHFW की मंजूरी के बाद इसे भारत के राजपत्र में लागू करने के लिए प्रकाशित किया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here