उत्तर प्रदेश : उत्तम शुगर मिल बरकतपुर का दूसरा बंदी नोटिस जारी, 6 अप्रैल से पेराई सत्र होगा बंद

बिजनौर: उत्तम शुगर मिल, बरकतपुर ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए दूसरा बंदी नोटिस जारी कर दिया है। मिल प्रबंधन के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 से चीनी मिल का संचालन बंद कर दिया जाएगा। गन्ने की अपर्याप्त आपूर्ति को इस निर्णय का मुख्य कारण बताया गया है। मिल गेट पर वर्तमान सत्र के लिए गन्ने की खुली खरीद जारी है। जिन किसानों के पास अभी भी आपूर्ति योग्य गन्ना उपलब्ध है, उनसे जल्द से जल्द मिल में गन्ना पहुंचाने की अपील की गई है। जिन किसानों के पास पर्ची नहीं है, वे मिल गेट से निःशुल्क पर्ची प्राप्त कर अपना गन्ना मिल को दे सकते हैं।

महाप्रबंधक (गन्ना विकास) पुण्डीर ने बताया कि, मिल गेट पर निःशुल्क पर्ची के माध्यम से खरीद जारी रहने के बावजूद गन्ने की दैनिक आपूर्ति मिल की आवश्यकता के अनुसार नहीं हो पा रही है। इसी कारण 6 अप्रैल 2026 से मिल बंद करने का निर्णय लिया गया है। संयुक्त अध्यक्ष नरपत सिंह ने बताया कि, पिछले वर्ष मिल ने 1.46 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई की थी, जबकि इस वर्ष 3 अप्रैल 2026 तक 1.20 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि, 24 मार्च 2026 तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया गया है। उन्होंने मिल क्षेत्र के किसानों से अनुरोध किया कि जिनके पास अभी भी पेराई योग्य गन्ना शेष है, वे उसे जल्द से जल्द मिल में आपूर्ति करें, ताकि सभी किसानों को इसका लाभ मिल सके।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here