भारत और आईएफएडी ने ग्रामीण निवेश और आजीविका को बढ़ावा देने के लिए साझेदारी का किया विस्तार

नई दिल्ली : भारत और कृषि विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय कोष (IFAD) ने ग्रामीण विकास में निवेश बढ़ाने के लिए अपनी साझेदारी का विस्तार किया है। इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका को मजबूत करना, जलवायु लचीलापन बढ़ाना और कृषि परिवर्तन को गति देना है। IFAD द्वारा जारी बयान के अनुसार, संगठन का एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर आया था। पांच दिनों के इस दौरे के दौरान ग्रामीण वित्त, मूल्य श्रृंखला और उद्यम विकास को लेकर अगले आठ वर्षों के सहयोग रोडमैप पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने वित्त मंत्रालय, कृषि मंत्रालय और ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इन बैठकों में किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और ग्रामीण उद्यमिता को विस्तार देने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। IFAD के कंट्री ऑपरेशंस विभाग के एसोसिएट वाइस-प्रेसिडेंट डोनल ब्राउन ने कहा कि, भारत में IFAD की वर्तमान परियोजनाओं का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मूल्य श्रृंखला विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने यह भी कहा कि, IFAD सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशनों तथा प्रमुख ग्रामीण विकास योजनाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन के अनुसार, नया रोडमैप स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों और सहकारी संस्थाओं के माध्यम से वित्त, नवाचार और नीतियों को जोड़कर मजबूत प्रणाली विकसित करने पर आधारित होगा।

IFAD की एशिया और प्रशांत क्षेत्रीय निदेशक रीहाना रज़ा ने कहा कि, आईएफएडी पिछले लगभग दो दशकों से मेघालय के साथ साझेदारी में काम कर रहा है और इस तरह के दीर्घकालिक सहयोग छोटे किसानों और ग्रामीण समुदायों के लिए टिकाऊ निवेश सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दौरे के दौरान आईएफएडी प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में ‘मेघालय लाइवलीहुड्स एंड एक्सेस टू मार्केट्स प्रोजेक्ट’ के तहत सामुदायिक पहलों की समीक्षा की। साथ ही असम में अधिकारियों के साथ भविष्य के सहयोग पर भी चर्चा की गई।

भारत, कृषि विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय कोष का संस्थापक सदस्य है और पिछले 48 वर्षों से इस संगठन के साथ साझेदारी में कार्य कर रहा है। वर्तमान में आईएफएडी भारत में 35 ग्रामीण विकास परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है, जिनका कुल मूल्य 4.2 अरब अमेरिकी डॉलर है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here