यवतमाल : यवतमाल जिले के उमरखेड़ और नांदेड़ जिले के हदगांव तहसील में गन्ना उत्पादक किसानों के बीच एफआरपी बकाया को लेकर भारी नाराजगी फैल गई है। 2025-26 के पेराई सत्र में चीनी मिलों को गन्ना आपूर्ति करने के बावजूद किसानों को अब तक एफआरपी की राशि नहीं मिलने से उनका गुस्सा बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर शिवसेना के सहसंपर्क प्रमुख चितांगराव कदम ने संबंधित चीनी मिलों को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। आरोप है कि, पोफाली स्थित भैरवनाथ शुगर मिल के अंतर्गत वसंत सहकारी चीनी मिल पर फरवरी महीने में पेराई के लिए दिए गए गन्ने का करीब तीन करोड़ रुपये का एफआरपी बकाया अब भी लंबित है।
इससे पहले भी किसानों ने मिल के प्रवेश द्वार पर अनशन आंदोलन किया था। उस समय मिल प्रशासन ने 30 अप्रैल तक बकाया भुगतान करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन समयसीमा खत्म होने के बाद भी भुगतान नहीं होने से किसान फिर आक्रामक हो गए हैं। वहीं, मंगरूल स्थित डेक्कन शुगर मिल पर उमरखेड़ और हदगांव क्षेत्र के किसानों का करोड़ों रुपये का एफआरपी बकाया होने का दावा किया गया है। पिछले चार महीनों से भुगतान अटका होने के कारण गन्ना उत्पादक आर्थिक संकट में फंस गए हैं और खरीफ सीजन नजदीक आने से उनकी चिंता और बढ़ गई है।
इस मामले में पहले चरण में पोफाली स्थित भैरवनाथ शुगर मिल के सामने जोरदार आंदोलन और विरोध मार्च निकालने का फैसला लिया गया है। साथ ही मंगरूल स्थित डेक्कन शुगर मिल के सामने अनशन आंदोलन की भी चेतावनी दी गई है।किसान संगठनों ने साफ कहा है कि यदि एफआरपी का बकाया जल्द नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


















