सोनीपत: कामी रोड स्थित द सोनीपत सहकारी चीनी मिल की खराब स्थिति को लेकर गन्ना उत्पादक किसानों ने नाराजगी जताई है। किसानों ने विधायक कृष्णा गहलावत से मुलाकात कर राई क्षेत्र में एक नई और आधुनिक चीनी मिल स्थापित करने की मांग की। किसानों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि, मौजूदा सहकारी शुगर मिल की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। पिछले पेराई सत्र के दौरान तकनीकी खराबियों के कारण मिल लंबे समय तक बंद रही, जिससे किसानों को अपना गन्ना दूसरे जिलों की चीनी मिलों में ले जाना पड़ा। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
किसानों ने मांग की कि, आगामी पेराई सत्र शुरू होने से पहले मिल की सभी मरम्मत कार्य पूरे कराए जाएं ताकि किसानों को फिर से परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि, वर्तमान शुगर मिल काफी पुरानी हो चुकी है और उसकी पेराई क्षमता भी सीमित है। वहीं, राई और सोनीपत क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में एक अत्याधुनिक और अधिक क्षमता वाली नई चीनी मिल की स्थापना जरूरी हो गई है।
विधायक कृष्णा गहलावत ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मिल की समय पर मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे और नई शुगर मिल की मांग को मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन कुलदीप नांगल, मिल के पूर्व डायरेक्टर सुरेश, सुरेंद्र, प्रदीप, सुरेंद्र मुकीमपुर, अमरजीत, अमित, चिंटू, दीपक, अंकित और कृष्ण मुरथल सहित कई किसान मौजूद रहे।


















