गुजरात की चीनी सहकारी समितियों को ₹1,500 करोड़ की राहत, 2 लाख किसानों को होगा बड़ा फायदा

गांधीनगर: गुजरात सरकार ने राज्य की चीनी सहकारी समितियों के लिए एक बड़ा फैसला लेते हुए वर्ष 2007–08 से 2014–15 के बीच गन्ने की कीमतों से जुड़े निर्णयों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से चीनी उद्योग को लगभग ₹1,500 करोड़ का वित्तीय लाभ मिलेगा और सीधे तौर पर 2 लाख से अधिक किसानों को फायदा पहुंचेगा। इस निर्णय की घोषणा करते हुए कृषि एवं सहकारिता मंत्री जितुभाई वाघाणी ने इसे “ऐतिहासिक और किसान हितैषी सुधार” बताया। उन्होंने कहा कि, यह कदम सहकारी ढांचे को मजबूत करने और लंबे समय से चले आ रहे वित्तीय विवाद को खत्म करने की दिशा में अहम है।वाघाणी ने कहा, इस फैसले से चीनी सहकारी समितियों को बड़ी राहत मिलेगी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलता रहेगा।

लंबे समय से चला आ रहा टैक्स विवाद खत्म…

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब आयकर विभाग ने गुजरात की चीनी मिलों द्वारा किसानों को एफआरपी (फेयर एंड रेम्यूनरेटिव प्राइस) से अधिक दिए गए भुगतान को टैक्स योग्य लाभ माना। इसके चलते कई चीनी सहकारी समितियों को भारी टैक्स नोटिस जारी किए गए थे। इससे करीब ₹1,500 करोड़ का वित्तीय बोझ बनने की आशंका थी। मंत्री वाघाणी ने बताया कि, गुजरात की चीनी सहकारी समितियां मोलासेस, एथेनॉल और को-जनरेशन बिजली जैसे उप-उत्पादों से अतिरिक्त आय अर्जित करती हैं, जिसके कारण राज्य के किसानों को अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर दाम मिलते रहे हैं। उन्होंने कहा, गुजरात के किसानों को हमेशा बेहतर कीमत मिली है क्योंकि हमारी सहकारी समितियां मूल्य संवर्धन और आय के कई स्रोतों पर काम करती हैं।

केंद्र और राज्य की नीतियों से मिला समाधान…

इस मुद्दे के समाधान की राह सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद आसान हुई। वर्ष 2023 में आयकर कानून में संशोधन किए गए, जिसके तहत राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत गन्ना मूल्य निर्धारण को टैक्स के लिए कानूनी मान्यता दी गई। यह पहल केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के तहत की गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति बनाई। समिति की सिफारिशों के आधार पर गुजरात सरकार ने विवादित अवधि की मूल्य निर्धारण व्यवस्था को औपचारिक मंजूरी दे दी।

सहकारी अर्थव्यवस्था को मिलेगा मजबूती…

सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस फैसले से चीनी सहकारी समितियों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी, संचालन बेहतर होगा और किसानों को भुगतान अधिक सुचारु रूप से हो सकेगा। सरकार ने दोहराया कि वह सहकारी ढांचे और ग्रामीण आजीविका की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।वाघाणी ने कहा, यह कदम किसानों को और सशक्त बनाएगा और गुजरात के सहकारी आंदोलन की नींव को और मजबूत करेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here