नैरोबी: केन्या सरकार देश की चीनी उद्योग व्यवस्था को ऊर्जा क्षेत्र का प्रमुख हिस्सा बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। सरकार गन्ना मिलों में बिजली उत्पादन और एथेनॉल निर्माण को बढ़ावा देकर ईंधन आयात पर निर्भरता कम करने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और गन्ना मूल्य श्रृंखला की आय बढ़ाने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री सेन. मुताही काग्वे ने वेस्ट वैली शुगर कंपनी के दौरे के दौरान कहा कि, केन्या के चीनी उद्योग का भविष्य केवल चीनी उत्पादन तक सीमित नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि, गन्ने के प्रत्येक हिस्से का उपयोग कर चीनी, बिजली, एथेनॉल और अन्य औद्योगिक उत्पादों का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
गन्ने की खोई से बिजली उत्पादन की बड़ी संभावना…
मंत्री ने वेस्ट वैली शुगर कंपनी को उद्योग की संभावनाओं का उदाहरण बताते हुए कहा कि, यह मिल वर्तमान में केवल 30 प्रतिशत उपलब्ध बैगास (गन्ने की खोई) का उपयोग करके 5 मेगावाट बिजली पैदा कर रही है। यदि पूरी क्षमता का उपयोग किया जाए तो यह उत्पादन बढ़कर 15 मेगावाट तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि, गन्ना मिलों को अतिरिक्त बिजली राष्ट्रीय ग्रिड को बेचने की अनुमति देने वाली व्यवस्थाओं को तेजी से लागू किया जाना चाहिए। इससे मिलों और किसानों दोनों को अतिरिक्त आय मिलेगी तथा देश में नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
एथेनॉल मिश्रण से घटेगा ईंधन आयात…
सरकार बिजली उत्पादन के साथ-साथ एथेनॉल उत्पादन पर भी विशेष जोर दे रही है। काग्वे ने कहा कि, स्थानीय स्तर पर उत्पादित एथेनॉल को ईंधन में मिलाने की योजना को सरकार का पूरा समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा, “यदि ईंधन में एथेनॉल मिश्रित किया जाता है तो विदेशी मुद्रा की बचत होगी और आयातित पेट्रोलियम उत्पादों पर हमारी निर्भरता काफी कम हो जाएगी। वर्तमान में वेस्ट वैली शुगर कंपनी प्रतिदिन लगभग 20,000 लीटर एथेनॉल का उत्पादन कर रही है, जिसे सरकार भविष्य के चीनी उद्योग मॉडल के रूप में देख रही है।
चीनी उत्पादन में 22 प्रतिशत की वृद्धि…
मंत्री ने बताया कि, चीनी क्षेत्र में चल रहे सुधारों के कारण पिछले एक वर्ष में देश का चीनी उत्पादन लगभग 22 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने इसका श्रेय सरकारी चीनी मिलों के लीज मॉडल और किसानों के लिए बढ़ाए गए सहायता कार्यक्रमों को दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि, आर्थिक संकट से जूझ रही सरकारी चीनी मिलों के कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान पुनरुद्धार कार्यक्रम के तहत किया जाएगा।
स्थानीय निवेशकों को आगे आने का आह्वान…
काग्वे ने केन्याई नागरिकों से चीनी उद्योग, एथेनॉल उत्पादन, बिजली निर्माण और मूल्य संवर्धन से जुड़े कारोबारों में निवेश करने की अपील की। उन्होंने कहा कि, इन क्षेत्रों में अवसरों पर केवल विदेशी निवेशकों का कब्जा नहीं होना चाहिए। मंत्री ने किपचिमचिम समूह की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थानीय निवेश के जरिए कृषि आधारित औद्योगिकीकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह समूह चीनी उत्पादन, एथेनॉल निर्माण, बिजली उत्पादन, खुदरा व्यापार और लॉजिस्टिक्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर चुका है तथा 7,000 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है।


















