उत्तर प्रदेश : गीली मक्का की एथनॉल के लिए गुजरात, पंजाब और हरियाणा से बढ़ी मांग

अलीगढ़ : 30 से 40 प्रतिशत तक नमी वाली गीली मक्का भी बाजार में हाथों-हाथ बिक रही है। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, गुजरात की एथनॉल बनाने वाली कंपनियों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बियर प्लांट भी बड़ी मात्रा में इसकी खरीद कर रहे हैं। धनीपुर मंडी में इन दिनों प्रतिदिन करीब 15 हजार क्विंटल मक्का की आवक हो रही है। इसमें आधे से अधिक मक्का एथनॉल और बियर उद्योगों के लिए खरीदी जा रही है। वहीं सूखी मक्का की मांग भी लगातार बनी हुई है। इसका उपयोग दालमोठ, पॉपकॉर्न, बेसन, नमकीन और मल्टीग्रेन आटा बनाने वाली कंपनियां कर रही हैं।

अलीगढ़ से खरीदी गई मक्का गुजरात के घाटा स्थित एथनॉल प्लांट, पंजाब के बठिंडा, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, हरियाणा के जुंडला तथा उत्तर प्रदेश के छाता स्थित बियर प्लांटों तक भेजी जा रही है। स्थानीय आढ़ती इन राज्यों में मक्का की आपूर्ति कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय खाद्य प्रसंस्करण कंपनियां भी सूखी मक्का की खरीद में सक्रिय हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्रमुख आढ़ती योगेंद्रपाल सिंह लालू ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि इस वर्ष गुजरात के एथनॉल प्लांटों के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के बियर प्लांट भी 30 से 40 प्रतिशत नमी वाली मक्का खरीद रहे हैं। इससे किसानों को बेहतर बाजार मिल रहा है।संयुक्त कृषि आयुक्त श्रवण कुमार के अनुसार, औसतन प्रति हेक्टेयर 65 से 70 क्विंटल मक्का का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि गीली मक्का की खरीद शुरू होने से किसानों को निश्चित रूप से राहत मिलेगी।

विपणन अधिकारी मोनिका माहेश्वरी ने बताया कि मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,400 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। सरकारी खरीद का लक्ष्य 7,500 क्विंटल रखा गया है, जिसमें अब तक 2,013 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। हालांकि अधिक नमी के कारण कई किसानों की मक्का अभी सरकारी खरीद में शामिल नहीं हो सकी है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here