लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ना किसानों के हितों की रक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार ने चीनी मिलों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नया नियामक ढांचा लागू किया है।गन्ना आयुक्त द्वारा राज्य की सभी चीनी मिलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत उर्वरक, जैव उर्वरक, सूक्ष्म पोषक तत्व, कीटनाशक और अन्य कृषि आदानों का वितरण निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने के बाद ही किया जा सकेगा।
एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में होगी जांच…
उप गन्ना आयुक्त राजीव राय ने बताया कि अब कृषि आदानों की प्रत्येक खेप की जांच राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में कराना अनिवार्य होगा।केवल वही उत्पाद किसानों को वितरित किए जाएंगे, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985, कीटनाशक अधिनियम, 1968 तथा अन्य वैधानिक गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरेंगे।
आईसीएआर और कृषि विश्वविद्यालयों की सिफारिशों को मिलेगी प्राथमिकता…
नई व्यवस्था के तहत चीनी मिलों को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), उत्तर प्रदेश गन्ना अनुसंधान परिषद, शाहजहांपुर और मान्यता प्राप्त कृषि विश्वविद्यालयों द्वारा अनुशंसित कृषि आदानों को प्राथमिकता देनी होगी।इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित कीटनाशकों के वितरण पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
किसानों की सहमति के बिना नहीं होगी बिक्री…
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अब चीनी मिलें किसानों की सहमति के बिना किसी भी कृषि आदान की आपूर्ति नहीं कर सकेंगी। किसानों की वास्तविक आवश्यकता और गन्ने के रकबे के आधार पर ही कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।साथ ही, कृषि आदानों की बिक्री के लिए लक्ष्य तय करने और किसानों पर खरीद का दबाव बनाने की प्रथा पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी चीनी मिलों की…
नई व्यवस्था के अनुसार कृषि आदानों की गुणवत्ता और उनके वितरण की पूरी जिम्मेदारी संबंधित चीनी मिलों की होगी। नियमों के पालन की निगरानी के लिए उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे।सरकार ने चेतावनी दी है कि यदि कोई चीनी मिल घटिया गुणवत्ता वाले उत्पाद वितरित करती है या किसानों की सहमति के बिना कृषि सामग्री उपलब्ध कराती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।राज्य सरकार का कहना है कि इस नई व्यवस्था से गन्ना किसानों को प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उचित कीमत पर उपलब्ध होंगे। इससे खेती की लागत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में भी सुधार होगा।


















