एआई डीपफेक मामले में नितिन गडकरी की याचिका पर 5 अगस्त को सुनवाई करेगा बॉम्बे हाईकोर्ट

मुंबई: केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रित ईंधन (Ethanol Blending) नीति से जुड़े कथित एआई-जनित (AI Generated) डीपफेक वीडियो और मानहानिकारक पोस्ट के मामले में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा दायर दीवानी वाद (सिविल सूट) पर बॉम्बे हाईकोर्ट 5 अगस्त को सुनवाई करेगा। मंगलवार को न्यायमूर्ति आरिफ डॉक्टर की पीठ ने गडकरी के वकील संदीप लड्डा को निर्देश दिया कि अगली सुनवाई से पहले सभी प्रतिवादियों को याचिका की प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।

नितिन गडकरी ने अपनी याचिका में मेटा, एक्स कॉर्प, गूगल एलएलसी और कुछ अज्ञात व्यक्तियों को प्रतिवादी बनाया है।उन्होंने अदालत से कथित फर्जी और मनगढ़ंत सामग्री को तत्काल हटाने (टेकडाउन) का आदेश देने तथा भविष्य में इस तरह की सामग्री के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसार पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर कई एआई-जनित पोस्ट और डीपफेक वीडियो अपलोड किए गए हैं, जिनमें गडकरी को केंद्र सरकार की एथेनॉल मिश्रित ईंधन नीति से झूठे तरीके से जोड़ा गया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गडकरी का कहना है कि, इन पोस्ट और वीडियो में उन्हें इस नीति के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बताया गया है। साथ ही यह भी झूठा दावा किया गया है कि इस नीति के क्रियान्वयन से उन्हें और उनके परिवार को आर्थिक लाभ हुआ है। याचिका में कहा गया है कि यह सामग्री पूरी तरह मनगढ़ंत, झूठी और मानहानिकारक है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और व्यक्तित्व संबंधी अधिकारों (Personality Rights) को अपूरणीय क्षति पहुंची है।

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब भारत की एथेनॉल मिश्रण नीति को लेकर सार्वजनिक बहस जारी है और सोशल मीडिया पर एआई-जनित सामग्री के कारण इस नीति से जुड़ी भ्रामक जानकारियां भी तेजी से फैल रही हैं। गडकरी ने अदालत से हस्तक्षेप कर कथित डीपफेक और मानहानिकारक सामग्री के आगे प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here