नई दिल्ली: देशभर में मक्का की बुवाई में आई गिरावट से एथेनॉल उद्योग की लागत बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि, इससे एथेनॉल उत्पादन में कटौती नहीं होगी, बल्कि उत्पादन लागत में वृद्धि देखने को मिलेगी।
24 जुलाई तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देशभर में मक्का की बुवाई का रकबा लगभग 10 प्रतिशत तक कम दर्ज किया गया है। जिन राज्यों में सबसे अधिक गिरावट देखी गई है, उनमें महाराष्ट्र (15.6%), कर्नाटक (34%), उत्तर प्रदेश (37%), जम्मू-कश्मीर (11%), गुजरात (30%), तेलंगाना (25%), ओडिशा (34%), तमिलनाडु (48%) और मिजोरम (83%) शामिल हैं।
मक्का देश के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम (एथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम) का प्रमुख कच्चा माल (फीडस्टॉक) है। पिछले कुछ वर्षों में एथेनॉल उत्पादन में मक्का की भूमिका लगातार बढ़ी है। एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2024-25 में कुल एथेनॉल आपूर्ति में मक्का की हिस्सेदारी लगभग 48 प्रतिशत रही, जो एक महत्वपूर्ण स्तर है।विशेषज्ञों का कहना है कि यदि बुवाई क्षेत्र में गिरावट बनी रहती है और उत्पादन प्रभावित होता है, तो आने वाले समय में चावल को एथेनॉल उत्पादन के प्रमुख स्रोत के रूप में अधिक इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
ग्रेन एथेनॉल मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (GEMA) की संयुक्त सचिव अरुषि जैन ने कहा कि, मक्का आगे भी एथेनॉल उत्पादन का प्रमुख फीडस्टॉक बना रहेगा, हालांकि इसकी कुल हिस्सेदारी में कुछ कमी आ सकती है। उनके अनुसार, बुवाई क्षेत्र और उत्पादकता में गिरावट के कारण मक्का के कुल उत्पादन में लगभग 10 प्रतिशत तक कमी आ सकती है।उन्होंने बताया कि, अनाज की लागत ही एथेनॉल उत्पादन की सबसे बड़ी लागत होती है और अनाज की कीमतें बाजार में उसकी उपलब्धता पर निर्भर करती हैं। इसमें एफसीआई के चावल की उपलब्धता भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अरुषि जैन ने स्पष्ट किया कि, यदि मक्का की बुवाई में गिरावट जारी रहती है, तब भी एथेनॉल निर्माता किसी भी कीमत पर उत्पादन जारी रखेंगे। उन्होंने कहा, उत्पादन कम करना या संयंत्र बंद रखना कोई विकल्प नहीं है। इसका असर केवल एथेनॉल की उत्पादन लागत पर पड़ेगा।


















