नई दिल्ली: पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में बताया कि, सरकार ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (MoES) के तहत भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के माध्यम से देश की मौसम पूर्वानुमान प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि, सरकार ने उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग (HPC), उच्च-रिज़ॉल्यूशन न्यूमेरिकल वेदर प्रेडिक्शन (NWP) मॉडल, आधुनिक मौसम अवलोकन नेटवर्क और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित मौसम पूर्वानुमान उपकरण जैसी अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाया है। इन तकनीकों से मौसम की निगरानी, पूर्वानुमान और समय रहते चेतावनी जारी करने की सटीकता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्तमान में मंत्रालय के पास मैनुअल वेधशालाओं, स्वचालित मौसम केंद्रों (AWS), स्वचालित वर्षा मापक यंत्रों (ARG), कृषि मौसम केंद्रों (Agro-AWS), डॉप्लर मौसम रडार (DWR), ऊपरी वायुमंडलीय वेधशालाओं और मौसम निगरानी उपग्रहों का व्यापक नेटवर्क उपलब्ध है।
मिशन मौसम के तहत पंचायत स्तर तक पूर्वानुमान
डॉ. सिंह ने बताया कि, मिशन मौसम के तहत विभिन्न वैश्विक और क्षेत्रीय एनडब्ल्यूपी मॉडलिंग प्रणालियों को लागू किया गया है, जिससे अल्पकालिक, मध्यम अवधि और विस्तारित अवधि के मौसम पूर्वानुमान तैयार किए जा रहे हैं। भारत फोरकास्टिंग सिस्टम (BharatFS), जिसकी स्थानिक रिज़ॉल्यूशन 6 किलोमीटर है, पंचायत समूह स्तर तक मौसम का पूर्वानुमान तैयार करता है, जिससे स्थानीय मौसम की घटनाओं का अधिक सटीक आकलन संभव हो सका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पंचायती राज मंत्रालय (MoPR) के सहयोग से देश के लगभग सभी ग्राम पंचायतों के लिए पंचायत स्तर के मौसम पूर्वानुमान की सुविधा शुरू की है। यह जानकारी ई-ग्रामस्वराज पोर्टल, मेरी पंचायत ऐप, ई-मंचित्र और मौसमग्राम पोर्टल पर उपलब्ध है।
गंभीर मौसम की चेतावनी में एआई मॉडल की भूमिका
सरकार ने बताया कि, वर्तमान में पांगु वेदर (Pangu Weather), फोरकास्टनेट (FourCastNet) और ग्राफकास्ट (GraphCast) जैसे तीन एआई आधारित वैश्विक मॉडल गंभीर मौसम की घटनाओं के पूर्वानुमान में सहायता कर रहे हैं। इसके अलावा, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वैज्ञानिकों ने नाउकास्टिंग टूल और डाउनस्केल्ड शहरी मौसम पूर्वानुमान जैसी स्वदेशी एआई और मशीन लर्निंग (ML) आधारित प्रणालियां भी विकसित की हैं।
किसानों के लिए ग्राम और जिला स्तर पर मौसम सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ग्रामीण कृषि मौसम सेवा (GKMS) को 55 सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर संचालित कर रहा है। इनमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), राज्य कृषि विश्वविद्यालय, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) और अन्य संस्थान शामिल हैं। इस योजना के तहत 130 कृषि मौसम क्षेत्रीय इकाइयां (AMFU), जो देश के 127 कृषि-जलवायु क्षेत्रों को कवर करती हैं, सप्ताह में दो बार (मंगलवार और शुक्रवार) जिला-विशिष्ट कृषि मौसम परामर्श जारी करती हैं और किसानों तक पहुंचाती हैं। सरकार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत देश के सभी कृषि महत्व वाले जिलों, जिनमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है, को वास्तविक समय (रियल-टाइम) मौसम पूर्वानुमान, कृषि मौसम सलाह और प्रारंभिक चेतावनी सेवाओं से जोड़ा गया है।
मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से पहुंच रही चेतावनियां
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मौसम संबंधी जानकारी और चेतावनियों के प्रसार के लिए मौसम ऐप, मेघदूत ऐप, दामिनी ऐप और उमंग ऐप विकसित किए हैं। इनके माध्यम से मौसम पूर्वानुमान, कृषि मौसम सेवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी जैसी सूचनाएं देशभर के लोगों, विशेषकर किसानों तक पहुंचाई जा रही हैं। सरकार के अनुसार, मौसम पूर्वानुमान और चेतावनियां मोबाइल ऐप, एसएमएस, वेब पोर्टल, एपीआई, टेलीविजन, रेडियो और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों के समन्वय से व्यापक रूप से प्रसारित की जा रही हैं।


















