चेन्नई: शक्ति शुगर्स लिमिटेड ने 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (Q1) के लिए संचालन से आय (रेवेन्यू) में 24.6 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है। कंपनी की आय बढ़कर 376.91 करोड़ रुपये हो गई। यह जानकारी कंपनी द्वारा 13 अगस्त 2026 को हुई निदेशक मंडल की बैठक के बाद बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को दी गई नियामकीय सूचना में दी गई।
कंपनी के निदेशक मंडल ने एम. बालासुब्रमणियम को प्रबंध निदेशक और एम. श्रीनिवासन को संयुक्त प्रबंध निदेशक के रूप में 27 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2031 तक अगले पांच वर्षों के लिए पुनर्नियुक्त करने को मंजूरी दी। यह पुनर्नियुक्ति बिना किसी पारिश्रमिक के होगी और आगामी आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन रहेगी।दोनों अधिकारियों के पास कंपनी में कई दशकों का अनुभव है और वे कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एम. मणिक्कम के भाई हैं। इसके अलावा, निदेशक मंडल ने बिक्री एवं विपणन क्षेत्र के विशेषज्ञ एस. चंद्रशेखर को अतिरिक्त गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक के रूप में नियुक्त किया।
कंपनी का बिजली कारोबार पहली तिमाही में भी मजबूत प्रदर्शन करने वाला प्रमुख खंड रहा। इस खंड ने वित्तीय लागत और अन्य आवंटित मदों से पहले 22.05 करोड़ रुपये का खंडीय परिणाम (सेगमेंट रिजल्ट) दर्ज किया। वहीं औद्योगिक अल्कोहल कारोबार से 1.38 करोड़ रुपये का योगदान मिला। स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी की कुल आय बढ़कर 381.38 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 305.97 करोड़ रुपये थी। यह वृद्धि चीनी, औद्योगिक अल्कोहल और बिजली कारोबार में स्थिर प्रगति के कारण दर्ज की गई।
हालांकि, कंपनी को पहली तिमाही में 1.83 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह घाटा 1.10 करोड़ रुपये था। कंपनी ने स्पष्ट किया कि, चीनी उद्योग मौसमी प्रकृति का होता है, इसलिए तिमाही परिणाम पूरे वर्ष के प्रदर्शन का सही संकेत नहीं देते। उल्लेखनीय है कि, 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी ने 28.13 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
वैधानिक लेखा परीक्षक पी.एन. राघवेंद्र राव एंड कंपनी ने अपनी समीक्षा में कहा कि, वित्तीय परिणामों में कोई महत्वपूर्ण त्रुटि नहीं पाई गई। हालांकि, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कंपनी ने 22 दिसंबर 2025 को विद्युत अपीलीय अधिकरण के एक निर्णय के आधार पर 0.66 करोड़ रुपये की वहन लागत को अन्य आय के अंतर्गत मान्यता दी है। यह राशि कंपनी की को-जनरेशन इकाइयों के टैरिफ संशोधन से संबंधित है और इस पर तमिलनाडु विद्युत नियामक आयोग (TNERC) के आगामी आदेशों का प्रभाव पड़ सकता है।
कॉरपोरेट गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए निदेशक मंडल ने आर. जयश्री, प्रबंधक (कॉस्टिंग), को 13 अगस्त 2026 से कंपनी के आंतरिक लेखा परीक्षा विभाग (Internal Audit Department) का प्रमुख नियुक्त किया। उन्होंने पी. शंकरराजा पांडियन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (कराधान एवं आंतरिक लेखा परीक्षा), का स्थान लिया है, जो 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे।इसके साथ ही, निदेशक मंडल ने एसटीआर एंड एसोसिएट्स, जो 1976 में स्थापित एक कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी फर्म है, को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए लागत लेखा परीक्षक (Cost Auditor) नियुक्त करने को भी मंजूरी दी।कंपनी की 64वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) 25 सितंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी।


















