हरियाणा : राइस मिलर्स का चंडीगढ़ में प्रदर्शन, 2,800 करोड़ रुपये मूल्य के लंबित कस्टम-मिल्ड राइस को स्वीकार करने की मांग

चंडीगढ़: हरियाणा भर के राइस मिलर्स और धान व्यापारियों ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) या राज्य की खरीद एजेंसियों द्वारा लंबित कस्टम-मिल्ड राइस (CMR) को स्वीकार करने तथा बैंक गारंटी सहित उनके बकाया भुगतान का निपटारा करने की मांग की।यह विरोध प्रदर्शन ऑल हरियाणा राइस मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसने बुधवार को निदेशालय कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा की थी।

एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्वेल सिंगला और प्रधान हंसराज सिंगला के नेतृत्व में राइस मिलर्स सुबह लगभग 11 बजे एकत्र हुए और शाम 5 बजे तक धरना जारी रखा। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास पर जाकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। राइस मिलर्स का कहना है कि, राज्यभर में लगभग 2,800 करोड़ रुपये मूल्य का कस्टम-मिल्ड राइस (CMR) अभी भी उठान (डिलीवरी) के लिए लंबित है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

उन्होंने आरोप लगाया कि, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निदेशालय ने CMR की डिलीवरी की समयसीमा 30 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी है, लेकिन इसके बावजूद FCI अधिकारियों को अतिरिक्त CMR स्टॉक स्वीकार करने से रोक दिया गया है।ज्वेल सिंगला ने कहा, “हम सरकार से मांग करते हैं कि वह FCI या राज्य की खरीद एजेंसियों को हमारे लंबित चावल को स्वीकार करने का निर्देश दे, ताकि हमें और अधिक आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।”

हंसराज सिंगला ने बताया कि, सरकारी एजेंसियों ने किसानों से धान खरीदकर उसे मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को आवंटित किया था। अब FCI यह कह रहा है कि उसका भंडारण लक्ष्य पूरा हो चुका है, इसलिए वह अतिरिक्त CMR स्वीकार नहीं कर सकता। इसके कारण बड़ी मात्रा में प्रसंस्कृत चावल राइस मिलों में ही पड़ा हुआ है। उन्होंने चिंता जताई कि यदि यह चावल लंबे समय तक मिलों में पड़ा रहा, तो उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और राइस मिलर्स को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मध्य प्रदेश जैसी व्यवस्था हरियाणा में भी लागू करने की मांग

करनाल राइस मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरभ गुप्ता ने केंद्र सरकार के उस आदेश का उल्लेख किया, जिसके तहत मध्य प्रदेश के राइस मिलर्स से 31 दिसंबर 2026 तक CMR स्वीकार करने के लिए FCI को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “हरियाणा के राइस मिलर्स के लिए भी इसी प्रकार के आदेश जारी किए जाने चाहिए।”

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here