पणजी: मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य की एकमात्र चीनी मिल संजीवनी शुगर फैक्ट्री को पांच साल तक बंद रहने के बाद फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया है। गोवा में आयोजित 84वें वार्षिक अधिवेशन और इंटरनेशनल शुगर एक्सपो 2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि, राज्य की एकमात्र चीनी मिल बंद होने के बावजूद गोवा इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी कर रहा है और मिल को दोबारा शुरू करने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, एक्सपो के बाद हम निश्चित रूप से मिल को फिर से शुरू करेंगे।उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि, मिल दोबारा शुरू होने के बाद कार्यक्रम में शामिल गणमान्य व्यक्ति इसके परिसर का दौरा करेंगे।
इंटरनेशनल शुगर एक्सपो 2026 का आयोजन 18 से 20 अगस्त तक 84वें वार्षिक अधिवेशन शुगर टेक्नोलॉजिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (STAI) के साथ किया जा रहा है। यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में हो रहा है।इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में गन्ना किसान, तकनीकी कंपनियां, विशेषज्ञ और चीनी उद्योग से जुड़े अन्य हितधारक हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन में चीनी और इससे जुड़े क्षेत्रों में नई तकनीकों तथा विकास पर चर्चा की जा रही है।
एथेनॉल उत्पादन में गन्ना किसानों की बढ़ती भूमिका
मुख्यमंत्री सावंत ने एथेनॉल उत्पादन में गन्ना किसानों की बढ़ती भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने खास तौर पर भारत में E20 ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा दिए जाने का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि, गन्ना किसान अब केवल खाद्य उत्पादन में ही योगदान नहीं दे रहे हैं, बल्कि गन्ने से बनने वाले एथेनॉल के जरिए ईंधन उत्पादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आधुनिक तकनीक से बदलेगा कृषि और चीनी उद्योग
सावंत ने कहा कि, तकनीकी प्रगति ने कृषि क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। उन्हें भरोसा है कि चीनी उद्योग भी आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता में सुधार करेगा।उन्होंने कहा कि, नई तकनीक के इस्तेमाल से चीनी उद्योग अपनी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था में अपने योगदान को भी और मजबूत कर सकता है।संजीवनी चीनी मिल के दोबारा शुरू होने से गोवा में गन्ना किसानों को स्थानीय बाजार मिलने, गन्ने की खेती को बढ़ावा मिलने और चीनी उद्योग से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


















