चंडीगढ़ : हरियाणा प्रदेश राइस मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पिछली धान खरीद अवधि से लंबित कस्टम मिल्ड राइस (CMR) को स्वीकार नहीं किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने की मांग की। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाने का अनुरोध किया, ताकि भारतीय खाद्य निगम (FCI) राइस मिलर्स का लंबित CMR स्वीकार करे। मिलर्स के अनुसार, करीब 6.5 लाख मीट्रिक टन चावल की डिलीवरी अभी लंबित है।
मिलर्स ने CMR की डिलीवरी की अंतिम तारीख 30 सितंबर से बढ़ाकर 31 दिसंबर करने की भी मांग की। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि, मुख्यमंत्री के साथ बैठक में राइस मिलर्स से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि, FCI में इम्प्रूव्ड राइस (IPR) के लिए स्टोरेज स्टैक की उपलब्धता सीमित है। कुल खरीदी गई मात्रा के केवल 20 प्रतिशत तक ही स्टोरेज की व्यवस्था होने के कारण काम प्रभावित हुआ। इसके अलावा फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) की कमी के चलते भी CMR का काम कई बार रोकना पड़ा।
FRK की कमी से भी प्रभावित हुआ काम
छाबड़ा ने बताया कि, FRK की टेंडर प्रक्रिया में देरी का भी असर पड़ा। टेंडर केवल चार पक्षों को दिए जाने के कारण पर्याप्त मात्रा में FRK समय पर उपलब्ध नहीं हो सका। इसके चलते कई मौकों पर CMR का काम कई दिनों तक बंद रहा और चावल की मिलिंग तथा डिलीवरी में काफी देरी हुई। मिलर्स ने FCI के गोदामों में भंडारण क्षमता की कमी को भी बड़ी समस्या बताया। छाबड़ा के अनुसार, पर्याप्त स्टोरेज स्पेस नहीं होने के कारण मिल्ड चावल की डिलीवरी समय पर नहीं हो सकी। गेहूं खरीद सीजन के दौरान FCI ने गेहूं के भंडारण और डिलीवरी को प्राथमिकता दी, जिससे CMR चावल के लिए उपलब्ध जगह और कम हो गई।
बोनस का भुगतान करने की भी मांग
छाबड़ा ने कहा कि बैठक में पिछले वर्ष और चालू वर्ष का बोनस लंबित होने का मुद्दा भी उठाया गया। उन्होंने सरकार से बोनस के संबंध में आवश्यक आदेश जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य मुद्दा FCI द्वारा CMR स्वीकार नहीं करना है। हमने मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार से संपर्क कर FCI को लंबित CMR स्वीकार करने के निर्देश दिलाने का अनुरोध किया है।” बैठक में धान और चावल के परिवहन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। एसोसिएशन ने परिवहन व्यवस्था से संबंधित लंबित मामलों के समाधान की मांग की।















