नई दिल्ली : भारत में E20 पेट्रोल के साथ E10 पेट्रोल को फिर से उपलब्ध कराने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।मिंट में प्रकाशित खबर के अनुसार, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना ने कहा कि, कम एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल की आपूर्ति के लिए मौजूदा वितरण ढांचे का इस्तेमाल किया जा सकता है।हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
खन्ना ने गुरुवार को कहा कि, तेल विपणन कंपनियां (OMCs) मौजूदा वितरण नेटवर्क के जरिए 10 प्रतिशत तक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति करने के लिए तैयार हैं। इससे पहले गुरुवार को रिपोर्ट सामने आई थी कि केंद्र सरकार और तेल कंपनियां प्रीमियम पेट्रोल के एथेनॉल मिश्रण को कम करके मौजूदा ऑक्टेन-95 नेटवर्क के माध्यम से E10 पेट्रोल उपलब्ध कराने पर विचार कर रही हैं। इससे नए इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ेगी।
खन्ना ने कहा कि, इस प्रस्ताव के विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक कुछ भी अंतिम रूप नहीं दिया गया है। E10 पेट्रोल की बिक्री के लिए मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव या अतिरिक्त ढांचे की जरूरत के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी बड़े बदलाव की आवश्यकता नहीं होगी। BPCL फिलहाल E20 पेट्रोल की बिक्री कर रही है। खन्ना के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर E10 पेट्रोल की बिक्री शुरू करना कंपनी के लिए कोई बड़ी चुनौती नहीं होगी।
E10 और E20 दोनों विकल्प उपलब्ध कराने पर विचार
E10 पेट्रोल को फिर से उपलब्ध कराने का मुद्दा मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन द्वारा कम एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने के समर्थन के बाद चर्चा में आया है। हाल ही में ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित एक लेख में उन्होंने कहा था कि पेट्रोल पंपों पर E20 के साथ E10 पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराने से आम लोगों की अधिकांश चिंताओं का समाधान किया जा सकता है। खन्ना ने स्पष्ट किया कि, देश के एथेनॉल मिश्रण लक्ष्य को दोबारा 10 प्रतिशत करने की कोई योजना नहीं है। चर्चा केवल E20 के साथ E10 पेट्रोल उपलब्ध कराने को लेकर हो रही है।
उन्होंने बताया कि, एक विकल्प पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल उपलब्ध कराने का है। हालांकि, तेल कंपनियों के सामने एक ही समय में अलग-अलग ग्रेड के पेट्रोल की मांग और आपूर्ति को संभालने की क्षमता का भी आकलन किया जा रहा है। प्रस्ताव की अंतिम रूपरेखा और दायरा अभी विभिन्न स्तरों पर तय किया जा रहा है। भारत का एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम देश की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। भारत का सालाना कच्चे तेल का आयात बिल आमतौर पर 120 अरब डॉलर से अधिक रहता है। भारत ने 2001 में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की शुरुआत पायलट परियोजना के साथ की थी। इसके बाद 2006 में E5 पेट्रोल पेश किया गया। वर्ष 2013-14 में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण करीब 1.53 प्रतिशत था, जो इसके बाद लगातार बढ़ा है।
पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत की तेल आपूर्ति सुरक्षित
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और रूस से ऊर्जा आयात करने वाले देशों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की अमेरिका की योजना के बीच खन्ना ने भारत की तेल आपूर्ति की स्थिति पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपूर्ति स्रोतों में विविधता लाने की जरूरत के कारण स्थिति अभी भी अस्थिर है, लेकिन फिलहाल भारत की तेल आपूर्ति ‘सुरक्षित’ है। इस महीने की शुरुआत में अमेरिकी सीनेट ने रूस से तेल और गैस खरीदने वाले प्रमुख देशों, जिनमें भारत भी शामिल है, पर 100 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव वाला विधेयक पारित किया था। इस विधेयक पर सितंबर में प्रतिनिधि सभा में चर्चा होने की उम्मीद है।
BPCL ने सितंबर के लिए कच्चे तेल की व्यवस्था की
BPCL के निदेशक (वित्त) वेत्सा रामकृष्ण गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने सितंबर के लिए कच्चे तेल की व्यवस्था कर ली है और अक्टूबर की आपूर्ति के लिए भी खरीदारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष का BPCL का पहला इराकी कच्चे तेल का कार्गो अगले कुछ दिनों में मिलने की उम्मीद है। कंपनी उपलब्धता के आधार पर खाड़ी क्षेत्र के आपूर्तिकर्ताओं से फ्री ऑन बोर्ड (FOB) आधार पर और अधिक तेल खरीदने के लिए भी तैयार है।
गुप्ता ने बताया कि, BPCL ने एक ऐसे जहाज की व्यवस्था की है, जिसका मालिक कार्गो को फुजैराह तक ले जाने और वहां शिप-टू-शिप ट्रांसफर के लिए तैयार है। इराक लंबे समय से भारत के प्रमुख तेल आपूर्तिकर्ताओं में शामिल रहा है। हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के कारण वहां से तेल आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। गुप्ता ने कहा कि यदि बीमा लागत उचित रहती है और जहाज मालिक संबंधित जोखिम उठाने के लिए तैयार होते हैं, तो BPCL हॉर्मुज जलडमरूमध्य के भीतर से भी तेल कार्गो उठाने के लिए तैयार है।


















100E kar do petrol ka jarurat khatam d