नेपाल में बाढ़ से तबाही: मृतकों की संख्या 626 पहुंची, 4,451 लोगों को बचाया गया

काठमांडू : नेपाल में भोटेकोशी बाढ़ से जुड़ी आपदा में मृतकों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अब भी लापता हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने दी है। प्राधिकरण की ओर से 29 अगस्त को सुबह 10 बजे तक जारी नवीनतम खोज, बचाव और राहत अपडेट के अनुसार, सबसे अधिक शव चितवन में बरामद हुए हैं। यहां विभिन्न मानव अवशेषों सहित कुल 233 शव मिले हैं। इसके अलावा नवलपरासी पूर्व में 158, नुवाकोट में 51, गोरखा में 48, नवलपरासी पश्चिम में 47, धादिंग में 45, तनहूं में 31 और रसुवा में 13 लोगों की मौत हुई है। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी जनहानि हुई है।

2,426 लोग अब भी लापता

ChiniMandi WhatsApp Channel

प्राधिकरण के अनुसार, 2,426 लोग अब भी लापता बताए गए हैं। इनमें नेपाल पुलिस के 27, नेपाली सेना के 45, सशस्त्र पुलिस बल के 13, सीमा शुल्क कार्यालय के 15 और आव्रजन कार्यालय के 4 कर्मचारी शामिल हैं। जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों से मिली जानकारी के आधार पर रसुवा में 562 और नुवाकोट में 115 लोग लापता बताए गए हैं। इसके अलावा जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े 933 लोग, जबकि मकवानपुर से 65 लोग लापता बताए गए हैं।

विदेशी नागरिक भी प्रभावित

इस आपदा से विदेशी नागरिकों और विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों पर भी असर पड़ा है। NDRRMA के अनुसार, 517 विदेशी नागरिक लापता बताए गए हैं। वहीं, विदेशों में रहने वाले 127 नेपाली नागरिकों के भी लापता होने की सूचना है।लांगटांग राष्ट्रीय उद्यान से भी तीन लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।

101 घायलों का अस्पताल में इलाज

आपदा में घायल 101 लोगों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। घायलों की सहायता के लिए अस्पतालों में सर्जिकल और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। NDRRMA के मुताबिक अब तक कुल 4,451 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। इनमें जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों से बचाए गए 191 लोग भी शामिल हैं। शनिवार को हेलीकॉप्टर के जरिए 517 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसके अलावा 129 विदेशी नागरिकों को भी बचाया गया है।

16 हेलीकॉप्टर राहत और बचाव अभियान में जुटे

बचाव अभियान के लिए नेपाली सेना और निजी ऑपरेटरों के 16 हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं। इन हेलीकॉप्टरों ने अब तक 99 उड़ानें पूरी की हैं। बाढ़ से दूरसंचार ढांचा भी प्रभावित हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों में कुल 198 टेलीफोन टावर क्षतिग्रस्त हुए थे। इनमें से 145 टावरों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू कर दिया गया है। खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए कुल 15,224 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

प्रभावित जिलों के लिए आर्थिक सहायता जारी

नेपाल सरकार ने रसुवा और नुवाकोट के लिए 1-1 करोड़ रुपये, धादिंग के लिए 50 लाख रुपये और 15 नगरपालिकाओं के लिए 6.75 करोड़ रुपये की नकद सहायता जारी की है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। अब तक खाद्य और गैर-खाद्य राहत सामग्री से लदे 37 ट्रक रवाना किए जा चुके हैं।

नुवाकोट में ईंधन का पर्याप्त भंडार

NDRRMA ने बताया कि, नुवाकोट में ईंधन का भंडार बनाए रखा जा रहा है। भैरवी, सूर्यामती और कन्या ऑयल स्टोर्स में फिलहाल 41,000 लीटर डीजल और 24,000 लीटर पेट्रोल उपलब्ध है। खाद्य और गैर-खाद्य राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों ने 7 उड़ानें भी पूरी की हैं। प्राधिकरण के अनुसार, नुवाकोट के लिए 39,000 लीटर विमानन ईंधन भेजा गया है। इसके अलावा 8,000 लीटर का भंडार मौजूद है और 9,000 लीटर ईंधन रास्ते में है।

लापता विदेशी नागरिकों, विदेशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों, अस्पतालों में इलाज करा रहे लोगों और हेलीकॉप्टर के जरिए बचाए गए लोगों से संबंधित विस्तृत जानकारी NDRRMA के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज और वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here