भारत की गन्ना सहायता पर ऑस्ट्रेलिया ने उठाए सवाल; WTO में जताई चिंता

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया ने भारत की गन्ना सहायता नीति को लेकर विश्व व्यापार संगठन (WTO) में चिंता जताई है।ऑस्ट्रेलिया का दावा है कि, वर्ष 2018-19 से 2024-25 के बीच सात वर्षों में भारतीय किसानों को दी गई गन्ना सहायता WTO द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक रही। द पायनियर की रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया ने भारत से गन्ना और चीनी से जुड़ी नीतियों पर स्पष्टीकरण मांगा है। ऑस्ट्रेलिया ने वैश्विक चीनी बाजार में भारत के महत्व को देखते हुए यह मुद्दा उठाया है।भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक और तीसरा सबसे बड़ा चीनी निर्यातक है।

घरेलू सहायता उत्पादन के कुल मूल्य के 10 प्रतिशत तक अनुमत

ChiniMandi WhatsApp Channel

WTO के कृषि समझौते (Agreement on Agriculture-AoA) के तहत गन्ने के लिए घरेलू सहायता उत्पादन के कुल मूल्य के 10 प्रतिशत तक अनुमत है। WTO में दिए अपने प्रस्तुतिकरण में ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि भारत के चीनी बाजार में होने वाले बदलावों का अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमतों और व्यापार पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है। ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि, वह भारत और WTO के अन्य सदस्य देशों के साथ गन्ने की कीमतों के लिए भारत द्वारा दी जा रही सहायता और उससे उत्पन्न समर्थन के स्तर पर चर्चा के लिए तैयार है। ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, भारत द्वारा गन्ने की कीमतों को दिया जा रहा समर्थन AoA के अनुच्छेद 6, पैराग्राफ 4 के तहत निर्धारित सीमा से काफी अधिक दिखाई देता है।

ऑस्ट्रेलिया द्वारा FRP और SAP का भी उल्लेख

ऑस्ट्रेलिया ने प्रत्येक गन्ना पेराई सीजन के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) का भी उल्लेख किया है। FRP वह न्यूनतम मूल्य निर्धारित करता है, जिस पर चीनी मिलें किसानों से गन्ना खरीदती हैं।इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया ने किसानों को मिलने वाले अतिरिक्त भुगतानों को भी अपनी गणना में शामिल किया है। इनमें बेहतर उत्पादन क्षमता से जुड़े प्रीमियम तथा कुछ राज्यों में चीनी मिलों द्वारा राज्य सलाहकार मूल्य (SAP) के तहत किए जाने वाले भुगतान शामिल हैं।

ऑस्ट्रेलिया की गणना के अनुसार, भारत का गन्ने के लिए बाजार मूल्य समर्थन 2018-19 में 1.125 लाख करोड़ रुपये (15.9 अरब डॉलर) से बढ़कर 2024-25 में 1.52 लाख करोड़ रुपये (17.7 अरब डॉलर) हो गया।यह समर्थन 2022-23 में सबसे अधिक 1.55 लाख करोड़ रुपये (18.9 अरब डॉलर) अनुमानित किया गया। ऑस्ट्रेलिया ने इन्हीं आंकड़ों के आधार पर दावा किया है कि, भारत की गन्ना सहायता WTO नियमों के तहत अनुमत सीमा से काफी अधिक है। इस मुद्दे के सामने आने से वैश्विक चीनी व्यापार में भारत की नीतियों और गन्ना मूल्य समर्थन को लेकर WTO के स्तर पर चर्चा तेज होने की संभावना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here