दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने पोषण स्तर में सुधार, मोटापे और अन्य गैर-संचारी बीमारियों से निपटने के लिए पैकेज्ड खाद्य उत्पादों में चीनी की मात्रा पर चरणबद्ध तरीके से नई सीमाएं लागू करने की शुरुआत की है। सरकार ने खाद्य पदार्थों में चीनी, सोडियम और वसा की मात्रा को नियंत्रित करने के लिए व्यापक पहल शुरू की है। यूएई के स्वास्थ्य एवं रोकथाम मंत्रालय ने एक प्रस्ताव लागू करना शुरू किया है, जिसके तहत चुनिंदा खाद्य उत्पादों में चीनी, सोडियम और वसा की अधिकतम मात्रा तय की गई है। इन सीमाओं को चरणबद्ध तरीके से और सख्त किया जाएगा तथा खाद्य प्रतिष्ठानों को 31 दिसंबर 2030 तक अंतिम मानकों का पालन करना होगा।
ब्रेड और डेयरी उत्पादों में चीनी की सीमा
चीनी युक्त उत्पादों के लिए नए नियमों में कई आम खाद्य श्रेणियों के लिए अलग-अलग सीमाएं निर्धारित की गई हैं।खमीर वाली ब्रेड में पहले चरण के दौरान प्रति 100 ग्राम उत्पाद में कुल चीनी की मात्रा अधिकतम 6 ग्राम रखी गई है। अंतिम चरण में इसे घटाकर 5 ग्राम किया जाएगा। इसी तरह फ्लैट ब्रेड के लिए भी शुरुआत में प्रति 100 ग्राम में कुल चीनी की सीमा 6 ग्राम होगी, जिसे अंतिम चरण में घटाकर 5 ग्राम कर दिया जाएगा। मीठे दूध और दूध के विकल्प वाले पेय पदार्थों में पहले चरण के दौरान प्रति 100 ग्राम में कुल चीनी की अधिकतम मात्रा 9.6 ग्राम होगी। अंतिम चरण में यह सीमा घटाकर 8 ग्राम कर दी जाएगी। वहीं, मीठे या फ्लेवर्ड दही और लबान में कुल चीनी की अनुमत मात्रा पहले चरण के 12 ग्राम प्रति 100 ग्राम से घटाकर अंतिम चरण में 10 ग्राम प्रति 100 ग्राम की जाएगी।
खाद्य कंपनियों को उत्पादों में बदलाव का समय
यूएई सरकार के अनुसार, चीनी की सीमा संबंधी नियम व्यापक राष्ट्रीय पोषण नीति का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य देश में उपलब्ध खाद्य उत्पादों की पोषण गुणवत्ता में धीरे-धीरे सुधार करना है। चरणबद्ध व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को स्वस्थ विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य निर्माताओं और कारोबारियों को अपने उत्पादों की सामग्री में आवश्यक बदलाव करने के लिए पर्याप्त समय देना है। ये नियम यूएई में निर्मित और विदेशों से आयात किए जाने वाले संबंधित पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर लागू होंगे। उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, परिवहन, भंडारण, वितरण, प्रदर्शन और बिक्री से जुड़े खाद्य प्रतिष्ठान भी इसके दायरे में आएंगे। फ्री जोन में संचालित कंपनियां भी इन नियमों के तहत आएंगी। लक्षित उत्पादों की पहली श्रेणी को प्रस्ताव लागू होने के नौ महीने के भीतर शुरुआती मानकों को पूरा करना होगा। इसके बाद कंपनियों को चरणबद्ध तरीके से संबंधित सामग्री की मात्रा कम करनी होगी और वर्ष 2030 के अंत तक अंतिम मानकों को पूरा करना होगा।
उल्लंघन पर 5 लाख दिरहम तक जुर्माना
संघीय और स्थानीय स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी इन नियमों के अनुपालन की निगरानी करेंगे। खाद्य प्रतिष्ठानों को नए मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर विभिन्न प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है। इसमें चेतावनी, 5,000 से 500,000 यूएई दिरहम तक का जुर्माना, छह महीने तक प्रतिष्ठान को अस्थायी रूप से बंद करना या संबंधित लाइसेंस अथवा मंजूरी रद्द करना शामिल है।यूएई का यह नया कदम पैकेज्ड खाद्य पदार्थों में चीनी के साथ-साथ सोडियम और वसा की मात्रा कम करने की दीर्घकालिक नीति का हिस्सा है। सरकार का लक्ष्य खाद्य उत्पादों की पोषण गुणवत्ता में सुधार करना और लोगों को स्वस्थ खान-पान के लिए प्रोत्साहित करना है।















