चीनी मिलों में जीएसटी की विसंगतियों पर केंद्र सख्त, 9 अक्टूबर से भौतिक सत्यापन अभियान

नई दिल्ली : केंद्र सरकार 9 अक्टूबर 2026 से चीनी मिलों में गहन भौतिक सत्यापन अभियान शुरू करेगी। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (DFPD) के अधीन चीनी निदेशालय द्वारा जारी एक पत्र में यह जानकारी दी गई है। चीनी मिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और प्रबंध निदेशकों (MD) को भेजे गए पत्र में चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय (DSVO) के निदेशक (चीनी) अरविंद कुमार रावत ने बताया कि, 17 अगस्त से 19 अगस्त 2026 के दौरान जमा किए गए जीएसटी विवरण और चीनी बिक्री से संबंधित जानकारी की विस्तृत समीक्षा में कुछ विसंगतियां सामने आई हैं।

पत्र के अनुसार, इन विसंगतियों की जांच जीएसटी रिकॉर्ड, बिक्री चालान, खरीदारों की जानकारी तथा चीनी की डिस्पैच और उठाव (लिफ्टिंग) से संबंधित रिकॉर्ड के साथ की जा रही है। निदेशालय ने कहा है कि, जहां भी विसंगतियां सही पाई जाएंगी, संबंधित चीनी मिलों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई या कार्यवाही शुरू की जाएगी। जिन चीनी मिलों की जांच की जा रही है, उन्हें अलग से ईमेल के माध्यम से 20 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक की चीनी बिक्री का विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी 10 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। इसके बाद इस डेटा का जीएसटी रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

निदेशालय ने 30 सितंबर 2026 के पखवाड़ेवार चीनी कोटा जारी करने के आदेश और 1 अक्टूबर 2026 के पत्र का भी हवाला दिया है। इसके तहत प्रत्येक चीनी मिल को अक्टूबर के लिए आवंटित पखवाड़ेवार कोटे में से कम से कम 45 प्रतिशत चीनी की बिक्री और उठाव/डिस्पैच पहले सप्ताह यानी 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर के बीच करना अनिवार्य है। बची हुई मात्रा की बिक्री और उठाव अगले सप्ताह किया जाना है। निदेशालय के अनुसार, यदि कोई मिल पहले सप्ताह में निर्धारित 45 प्रतिशत कोटा पूरा नहीं करती, या शेष कोटे की बिक्री और उठाव 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच नहीं करती, तो इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और चीनी (नियंत्रण) आदेश, 2025 का उल्लंघन माना जाएगा।

डीएसवीओ के संयुक्त निदेशक प्रसन्ना कात्यायन द्वारा 1 अक्टूबर को जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि, बिक्री का अर्थ बिक्री चालान (Sale Invoice) तैयार या जारी करना माना जाएगा। ऐसे चालानों में दर्ज मात्रा को अनुपालन के उद्देश्य से बेची गई मात्रा के रूप में माना जाएगा। चीनी मिलों को पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निदेशालय ने कहा है कि सक्षम अधिकारी नियमों के अनुपालन की लगातार निगरानी करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर भौतिक सत्यापन भी करेंगे। किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों से विचलन पाए जाने पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस पत्र की प्रतियां इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्टरीज (NFCSF) को भी भेजी गई हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here