कोल्हापुर (महाराष्ट्र): गन्ने के लिए प्रति टन 4,500 रुपये पहली किस्त देने की प्रमुख मांग को लेकर स्वाभिमानी किसान संगठन ने मंगलवार को पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर किणी टोल नाके के पास चक्काजाम आंदोलन शुरू कर दिया। किसानों ने हाईवे पर धरना देकर यातायात पूरी तरह रोक दिया है। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष राजू शेट्टी ने सरकार और चीनी मिल मालिकों को चेतावनी दी है कि, वे दिवाली हाईवे पर ही मनाएंगे, लेकिन मांगें पूरी होने तक आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।
जिले की चीनी मिलों के सामने स्वाभिमानी किसान संगठन की ओर से पिछले कुछ दिनों से धरना आंदोलन चल रहा है। गन्ने की पहली किस्त के मुद्दे पर प्रशासन और चीनी मिल मालिकों के साथ बातचीत के दो दौर भी हो चुके हैं। हालांकि, इन चर्चाओं से कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद संगठन ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया और चक्काजाम का रास्ता अपनाया।
पुलिस का कड़ा बंदोबस्त, यातायात वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट
आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने किणी टोल नाके के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। क्षेत्र में 300 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यातायात की परेशानी कम करने के लिए कोल्हापुर की ओर जाने वाले वाहनों को फाटा मार्ग से, जबकि पुणे की ओर से आने वाले वाहनों को वाघवाड़ी फाटा मार्ग से डायवर्ट किया गया है। इसके चलते किणी टोल नाके के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है।


















