महाराष्ट्र में गन्ना श्रमिकों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, ‘सुरक्षित गन्ना अभियान’ की शुरुआत

पुणे: प्रवासी गन्ना श्रमिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। महाराष्ट्र सरकार के चीनी आयुक्त कार्यालय ने ‘सुरक्षित ऊस /गन्ना अभियान’ (Surakshit Oos Abhiyan) की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य नवंबर-दिसंबर के गन्ना पेराई सीजन के दौरान गन्ना उत्पादक क्षेत्रों और चीनी मिलों में श्रमिकों के कल्याण से जुड़े सरकारी प्रयासों को जमीनी स्तर पर लागू करना है।

‘सुरक्षित ऊस अभियान’ के तहत गन्ना श्रमिकों, विशेष रूप से महिला श्रमिकों और प्रवासी श्रमिक परिवारों की रोजमर्रा की कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। यह अभियान चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, न्याय और शिकायत निवारण व्यवस्था तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना, सम्मानजनक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना और जवाबदेह व्यवस्था विकसित करना।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इसके माध्यम से श्रमिकों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सहायता एवं शिकायत निवारण तंत्र तक उनकी पहुंच बेहतर बनाई जाएगी और कार्यस्थलों को अधिक सुरक्षित तथा सम्मानजनक बनाने के प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार तैयार की गई सूचना सामग्री, सामूहिक गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए चीनी मिलों, फील्ड सुपरवाइजरों, श्रमिक ठेकेदारों और अन्य संबंधित पक्षों को श्रमिक कल्याण के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जाएगा।

फरवरी 2026 में हुई बैठक के बाद अभियान की शुरुआत

यह पहल फरवरी 2026 में पुणे में चीनी आयुक्त के नेतृत्व में आयोजित अंतरविभागीय गोलमेज बैठक के बाद शुरू की गई है। इस बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों, चीनी मिलों, उद्योग संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने हिस्सा लिया था।बैठक में प्रवासी गन्ना श्रमिकों और उनके परिवारों को होने वाली समस्याओं तथा उनके समाधान के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई थी।

इस अभियान को महाराष्ट्र चीनी आयुक्तालय, बोनसुक्रो (Bonsucro), वेस्टर्न इंडिया शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA), महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना संघ (MahSugarFed) और अन्य संबंधित संगठनों के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ और इससे जुड़ी प्रशिक्षण गतिविधियों में गोपीनाथ मुंडे गन्ना श्रमिक कल्याण निगम, राज्य स्वास्थ्य मिशन, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और समाज कल्याण विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

150 प्रतिनिधियों को दिया गया प्रशिक्षण

अभियान के औपचारिक शुभारंभ के बाद आयोजित मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण सत्र में सरकारी विभागों, उद्योग संगठनों और कार्यान्वयन से जुड़े संस्थानों के लगभग 150 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य नवंबर-दिसंबर 2026 के पेराई सीजन के दौरान अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करने की तैयारी करना था। अभियान का विस्तार करने के लिए आगे विभिन्न क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने क्या कहा?

महाराष्ट्र के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने कहा, “हमारे गन्ने की कटाई करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और उनका कल्याण एक जिम्मेदार एवं टिकाऊ चीनी उद्योग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ‘सुरक्षित ऊस अभियान’ के माध्यम से हम इस वर्ष की शुरुआत में स्थापित समन्वय को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसके जरिए सरकारी विभागों, चीनी मिलों और अन्य संबंधित पक्षों को जमीनी स्तर पर ठोस कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रमिक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों, उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें उपलब्ध सहायता एवं सेवाओं का लाभ मिल सके।”

बोनसुक्रो की एशिया पैसिफिक प्रमुख मनीषा मजूमदार ने कहा कि, फरवरी में आयोजित बैठक में सभी प्रमुख हितधारकों ने समस्याओं और बेहतर समन्वय की जरूरत को समझा था। सुरक्षित ऊस अभियान अब इस समझ को जमीनी कार्रवाई में बदलने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र के गन्ना उद्योग में श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता को सभी की साझा जिम्मेदारी बनाने के लिए सरकार, चीनी मिलों, उद्योग संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को एक साथ लाया जा रहा है।

श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जरूरी

गोपीनाथ मुंडे गन्ना श्रमिक कल्याण निगम के प्रतिनिधि प्रशांत चव्हाण ने कहा कि, श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए केवल योजनाएं उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है। श्रमिकों को इन योजनाओं की जानकारी होना और उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया तक पहुंच होना भी जरूरी है।पुणे के उप श्रम आयुक्त अभय गीते ने कहा कि, प्रवासी गन्ना श्रमिकों और उनके परिवारों को सरकारी सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से वंचित नहीं रहने देने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। यह अभियान जमीनी स्तर पर जागरूकता और सहयोग बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा। महाराष्ट्र राज्य सहकारी चीनी कारखाना संघ (MahSugarFed) के कार्यकारी निदेशक संजय खताळ और वेस्ट इंडिया शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) के कार्यकारी निदेशक अजीत चौगुले सहित महाराष्ट्र की सहकारी और निजी चीनी मिलों के प्रमुख प्रतिनिधियों ने भी अभियान में भाग लिया और पूरे चीनी उद्योग में इसका संदेश पहुंचाने के लिए सहयोग देने का भरोसा दिया।

2026-27 के पेराई सीजन में लागू होगा अभियान

यह अभियान वर्ष 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन के दौरान लागू किया जाएगा। इसमें शामिल सभी संगठनों और हितधारकों को अपनी गतिविधियों, श्रमिकों तक पहुंच और अभियान से प्राप्त महत्वपूर्ण अनुभवों का रिकॉर्ड रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन अनुभवों के आधार पर अभियान में आगे सुधार किए जाएंगे और इसे महाराष्ट्र के अन्य क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर लागू करने की योजना बनाई जाएगी। सरकारी विभागों के समन्वय, श्रमिकों में जागरूकता और जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई को जोड़कर सुरक्षित ऊस अभियान एक महत्वपूर्ण संदेश देना चाहता है—महाराष्ट्र के गन्ने की कटाई करने वाले प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित माहौल में काम करने, अपने अधिकारों को समझने और जरूरी सरकारी सहायता प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here