अवैध गन्ना खरीद मामले में गन्ना माफियाओं एवं चीनी मिल प्रबन्धन के खिलाफ 6 FIR दर्ज

लखनऊः उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गन्ना तौल को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने तथा गन्ना माफियाओं पर अंकुश लगाने सम्बन्धी दिये गये निर्देशों के क्रम में मा. मंत्री गन्ना विकास विभाग एवं चीनी उद्योग, सुरेश राणा द्वारा अभियान चलाकर गन्ना क्रय केन्द्रों पर गन्ना घटतौली रोकने एवं गन्ना माफियाओं पर अंकुश लगाने हेतु निर्देश पारित किये गये हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त, श्री संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि वर्तमान पेराई सत्र हेतु क्रय केन्द्रों की विस्तृत जांच के लिये व्यापक स्तर पर अधिकार प्रदान किये गये हैं तथा क्रय केन्द्रों पर तैनात तौल लिपिकों के पाक्षिक स्थानान्तरण ई.आर.पी. के माध्यम से कम्प्यूटर द्वारा रेण्डम आधार पर सुनिश्चित कराये जा रहे हैं। उनके द्वारा बताया गया कि वर्तमान पेराई सत्र 2019-20 में विभाग द्वारा घटतौली रोकने हेतु प्रदेश में गन्ना क्रय केन्द्रों के कुल 1,433 निरीक्षण किये गये। निरीक्षण में 11 गम्भीर किस्म के एवं 107 सामान्य प्रकृति की अनियमितताएं पकड़ी गयी। जिन पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए 16 तौल लिपिकों के लाइसेंस निलम्बित कर दिये गये हैं तथा प्रकरणों में नियमानुसार विधिक कार्यवाही करायी जा रही है और 62 प्रकरणों में नोटिस जारी किये गये हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

श्री भूसरेड्डी ने यह भी बताया कि गन्ना माफियाओं एवं चीनी मिल द्वारा की जा रही गन्ने की अवैध खरीद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्यवाही करायी जा रही हैं, जिसके तहत फर्जी एस.एम.एस. प्रेषित कर अवैध गन्ना खरीद में लिप्त पाये जाने पर चीनी मिल बेलवाड़ा के प्रधान प्रबन्धक एवं प्रबन्धक आई.टी. के विरूद्ध आई.पी.सी. की धारा 420 एवं 120 (बी) में एफ.आई.आर. दर्ज करायी गयी है साथ ही अवैध गन्ना खरीद के 05 अन्य प्रकरणों में गन्ना माफियाओं के विरूद्ध आई.पी.सी. एवं उत्तर प्रदेश गन्ना (पूर्ति एवं खरीद विनियमन अधिनियम, 1953) की सुसंगत धाराओं एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।

यह न्यूज़ सुनने के लिए प्ले बटन को दबाये.

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here