कोल्हापुर: कागल से गोवा एथेनॉल ले जा रहे एक टैंकर में मंगलवार शाम को गगनबावडा तालुका के सालवन से मार्गेवाड़ी के बिच टायर फटने से आग लग गई। टैंकर में करीब 40,000 लीटर एथेनॉल था। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड कामयाब रही। इस बीच, इस रास्ते के ट्रैफिक को दूसरे रास्ते से डायवर्ट कर दिया गया। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि, आग टैंकर का टायर फटने से लगी होगी।
जैसे ही टैंकर ड्राइवर ने आग देखी, उसने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और 101 इमरजेंसी नंबर पर कॉल करके फायर ब्रिगेड को बुलाया। इसके बाद मार्केट यार्ड (कोल्हापुर) से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और छत्रपति शाहू शुगर फैक्ट्री की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इस बीच, आग ने कुछ ही देर में भयंकर रूप ले लिया। आग से निकले धुएं के बड़े-बड़े गुबार पूरे इलाके में फैल गए, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया था।

















