नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम चुनाव में बहुमत हासिल करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 साल के शासन को उखाड़ फेंका। चुनाव आयोग द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, आप (AAP) ने अब तक 250 में से 134 वार्डों पर जीत हासिल की है। भाजपा, जो 2007 से नगर निकाय पर शासन कर रही है, दोपहर 2 बजे तक 97 सीटें जीतने में सफल रही। भाजपा को 15 वर्षों के बाद एमसीडी चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। अंतिम परिणाम घोषित होने से पहले राष्ट्रीय राजधानी में आम आदमी पार्टी कार्यालय में जश्न शुरू हो गया। पार्टी कार्यकर्ता कार्यालय के सामने एकत्र हुए और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की प्रशंसा करते हुए खुशी मनाई, नृत्य किया और नारे लगाए।
आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने कहा, भाजपा को आज जवाब मिल गया है कि दिल्ली की जनता काम करने वालों को वोट देती है, बदनाम करने वालों को नहीं। बीजेपी ने अपने सांसद, मंत्री, सीबीआई और ईडी को मैदान में उतारा, लेकिन दिल्ली की जनता ने फिर भी आप को वोट दिया। केजरीवाल पर लगाए गए आरोपों का जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है। राघव चड्ढा ने कहा, हम दिल्ली को दुनिया का सबसे खूबसूरत शहर बनाएंगे। राष्ट्रीय राजधानी में 250 वार्डों के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत मतदान हुआ था और कुल 1,349 उम्मीदवार मैदान में थे। दिल्ली में AAP और भाजपा द्वारा अत्यधिक प्रचार अभियान देखा गया था, जिसमें केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और सांसदों सहित शीर्ष नेताओं ने घर-घर जाकर प्रचार किया और जनता का समर्थन हासिल करने के लिए बैठकें कीं।















