नई दिल्ली: पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने शनिवार को नागरिकों के लिए एक सलाह जारी करते हुए कहा कि, देशभर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है।मंत्रालय ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे ईंधन को ढीले या अनुचित कंटेनरों में न लें और न ही उसका भंडारण करें, क्योंकि ऐसा करना गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है। एडवाइजरी के अनुसार पेट्रोल पंपों को ईंधन वितरण के दौरान सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि यदि कोई पेट्रोल पंप निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले दिन में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि, पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बावजूद भारत में पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर किसी प्रकार का संकट नहीं है, हालांकि इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों के सामने चुनौतियां जरूर पैदा हुई हैं। मीडिया से बातचीत में शेखावत ने कहा कि, मध्य पूर्व में युद्ध जैसे हालात के कारण कई देशों में चिंता की स्थिति बनी हुई है और कुछ पड़ोसी देशों में गंभीर व्यवधान देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा, भारत में पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर कोई संकट नहीं है। मध्य पूर्व में युद्ध जैसे हालात ने सभी देशों के लिए चुनौती पैदा की है। हमारे पड़ोसी देशों की बात करें तो पाकिस्तान में आपातकाल जैसी स्थिति है, जबकि बांग्लादेश में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित रखने की सरकार की रणनीति का उल्लेख करते हुए शेखावत ने कहा कि, भारत ने कच्चे तेल के आयात के स्रोतों में काफी विविधता लाई है।
उन्होंने कहा, पहले हम 27 देशों से कच्चा तेल आयात करते थे, लेकिन अब सरकार ने 40 देशों के साथ कच्चे तेल के आयात के लिए समझौते किए हैं। हमने अपनी आपूर्ति व्यवस्था को विविध बनाया है। उन्होंने यह भी बताया कि, गैस आपूर्ति में कुछ बाधाएं आई हैं, लेकिन सरकार ने आपूर्ति बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।शेखावत ने यह भी कहा कि, पेट्रोलियम उत्पादों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं।
इस मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि, कांग्रेस अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वे इसे मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
















