नई दिल्ली: केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को बताया कि जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना होगी, जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना (Population Enumeration) की जाएगी।मंत्री के अनुसार, पहले चरण के लिए पूछे जाने वाले प्रश्न पहले ही अधिसूचित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, दूसरे चरण के प्रश्नों को अंतिम रूप देकर जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले अधिसूचित किया जाएगा।
राय ने आगे बताया कि, पिछली जनगणनाओं में दिव्यांगता से संबंधित डेटा दूसरे चरण के दौरान एकत्र किया जाता था, और जनगणना 2027 में भी प्रश्नावली अंतिम होने के बाद इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।उन्होंने कहा कि, दूसरे चरण की प्रश्नावली तैयार होने के बाद संबंधित पक्षों के साथ परामर्श करके विस्तृत निर्देश पुस्तिका और प्रशिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी। साथ ही, गणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए गणनाकर्मियों, जैसे कि एन्यूमरेटर और सुपरवाइजर, के लिए प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
डेटा संग्रह प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि, गणनाकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।इसके अलावा, उन्होंने बताया कि स्व-गणना (Self-enumeration) की सुविधा भी वैकल्पिक रूप से उपलब्ध होगी, जिसके तहत परिवार का कोई भी सदस्य निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जानकारी भर सकता है।















