रायपुर : भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर (कवर्धा) द्वारा गन्ना किसानों को 5.97 करोड़ की राशि जारी की गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों के बाद मिल ने यह भुगतान किया है। मिल द्वारा अब तक गन्ना किसानों को 57.48 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है।
पंजाब केसरी में प्रकाशित खबर के अनुसार, कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया निरंतर जारी है, इस राशि के आने के बाद सहकारी व्यवस्था में किसानों का विश्वास मजबूत हुआ है।कारखाना प्रबंधन के अनुसार, इस तरह की निरंतरता किसानों की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ कारखाना संचालन को भी अच्छी स्थिति प्रदान कर रही है। चालू पेराई सत्र में अब तक 2.55 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई और 3.09 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया जा चुका है।

















