मुंबई: बारिश का इंतजार कर रहे राज्य के करोड़ों लोगों के लिए अच्छी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज (27 जून) के लिए पुणे समेत मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के संकेत हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में भी बारिश का अनुमान है।
उत्तरी कोंकण (मुंबई सहित) में मानसून सक्रिय हो गया है और अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। आईएमडी ने यह भी कहा कि, अगले दो दिनों के दौरान गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। प्रदेश में किसान बुआई के लिए बारिश का इंतजार कर रहे है, और अब बारिश की संभावना बढ़ने से किसानों को राहत मिली है।