बेंगलुरु : कर्नाटक सरकार ने राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कुल 4,824.31 करोड़ रुपये के निवेश वाले कई औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है। राज्य के उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल ने बताया कि इन नई परियोजनाओं से राज्य में 14,525 नए रोजगार अवसर पैदा होंगे।इसमें कर्नाटक बंगारू शुगर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 443.50 करोड़ रुपये के निवेश से चीनी मिल स्थापित करने की योजना भी शामिल है।
उद्योग मंत्री कार्यालय के अनुसार, 158वीं राज्य स्तरीय सिंगल विंडो अप्रूवल कमेटी की बैठक में 37 नई औद्योगिक इकाइयों और 2 अतिरिक्त निवेश परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। ये परियोजनाएं विजयपुरा, बागलकोट, चित्रदुर्ग, कोलार और रामनगर सहित कुल 13 जिलों में स्थापित की जाएंगी।पाटिल ने एक बयान में कहा कि, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, चीनी निर्माण, तकनीकी वस्त्र, संपीड़ित बायोगैस, एयरोस्पेस, आभूषण निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, सॉफ्टवेयर और फाइव-स्टार होटल निर्माण जैसे क्षेत्रों में स्वीकृत परियोजनाएं राज्य में 14,525 लोगों को रोजगार प्रदान करेंगी।
स्वीकृत परियोजनाओं में 22 बड़े और मध्यम औद्योगिक प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक में 50 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश है। इन परियोजनाओं में कुल 3,908.68 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इससे 12,475 लोगों को रोजगार मिलेगा।इसके अलावा 15 नई परियोजनाएं ऐसी हैं जिनमें 15 करोड़ से 50 करोड़ रुपये के बीच निवेश होगा। इन परियोजनाओं में कुल 350.60 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और इससे 1,750 लोगों को रोजगार मिलेगा।उद्योग मंत्री कार्यालय के अनुसार 2 अतिरिक्त निवेश परियोजनाओं में 565.03 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे 300 लोगों को रोजगार मिलेगा।















