मुंबई : भाजपा ने किसानों की समस्याओं के विरोध में पूरे महाराष्ट्र में ‘हल्ला बोल’ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। भाजपा किसान मोर्चा के बैनर तले पार्टी ने विधान भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया। भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा, भाजपा विधान भवन के अंदर और बाहर किसानों और कृषि क्षेत्र के सामने आने वाली समस्याओं को उठाएगी।
विधानसभा में विपक्ष के नेता फडणवीस ने सरकार पर आरोप लगाया कि, राज्य में लाखों किसान बिजली से वंचित हैं। उनके बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। सरकार इतनी संवेदनहीन कैसे हो सकती है? जब बारिश और ओलावृष्टि के कारण फसल बर्बाद हो गई है, तो किसान बकाया कैसे चुकाएंगे। फडणवीस ने आगे कहा कि, भाजपा गन्ना किसानों के समस्या के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी। इस मुद्दे को बजट सत्र में भी उठाया जाएगा।