जालोर: जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-68) पर बुधवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। एथेनॉल से भरा एक टैंकर अचानक पलट गया और उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें करीब 200 मीटर तक फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। ‘भास्कर’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक, टैंकर बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहा था। सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे के वक्त टैंकर में दो लोग सवार थे।इनमें से एक व्यक्ति समय रहते बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सांचौर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दुर्घटना में गुड़ामालानी के मोखावा निवासी 34 वर्षीय ड्राइवर सुखराम मेघवाल की जलकर मौत हो गई। वहीं, उनके रिश्तेदार नरसीराम मेघवाल समय रहते टैंकर से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। उन्हें सिंवाड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।बताया जा रहा है कि यह टैंकर मुरलीधर कंपनी (जामनगर) का था और पंजाब के भटिंडा से गुजरात के कांडला जा रहा था। टैंकर में एथेनॉल भरा हुआ था। एक अन्य ड्राइवर भी पहले साथ था, जो रास्ते में उतर गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले टायर फटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद टैंकर का संतुलन बिगड़ा और वह सर्विस रोड की ओर पलट गया। टैंकर से एथेनॉल का रिसाव होने लगा, जो ओवरब्रिज की ढलान के कारण नीचे तक फैल गया और आग तेजी से फैलती चली गई।आग इतनी भीषण थी कि ड्राइवर का शव पूरी तरह जल गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

















