धामपुर: होली और दुल्हैंडी जैसे त्योहारों के चलते किसान व्यस्त रहने के कारण धामपुर की चीनी मिल को अपेक्षित मात्रा में गन्ना नहीं मिल सका। परिणामस्वरूप, मिल लगभग 21 घंटे तक बंद रही। बुधवार शाम 5 बजे बंद हुई यह मिल, गुरुवार को दोपहर लगभग तीन बजे गन्ने की आपूर्ति होने के बाद फिर से पूरी क्षमता से चालू हो गई।
धामपुर चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक ओमवीर सिंह ने बताया कि मिल लगातार गन्ना सेंटर और मिल गेट दोनों को इंडेंट जारी करती रही। लेकिन त्योहारों के कारण किसान गन्ना नहीं ला पाए। ओमवीर सिंह ने किसानों से अपील की कि, वे ताजा और साफ गन्ने की आपूर्ति करें। उन्होंने कहा कि ताजा गन्ना देने से किसानों को अधिक वजन और आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं मिल को भी फायदा होगा। यदि गन्ना खेत में सूख जाता है तो इससे किसान को नुकसान होता है।

















