नेपाल : गन्ने की कमी से बंद होने की कगार पर चीनी मिलें, यार्ड हो रहे खाली

सरलाही : किसानों के खेतों में गन्ना लगभग समाप्त होने के कारण तराई क्षेत्र में चल रही चीनी मिलें अब बंद होने की तैयारी कर रही हैं। सरलाही की तीन चीनी मिलों के गन्ना यार्ड धीरे-धीरे खाली होते जा रहे हैं। अगले एक सप्ताह से दस दिनों के भीतर सरलाही सहित तराई क्षेत्र की अधिकांश चीनी मिलें गन्ना पेराई का काम बंद करने की तैयारी में हैं।

बगदाहा स्थित महालक्ष्मी शुगर इंडस्ट्री के प्रशासनिक प्रमुख शिव शंकर महतो ने कहा कि, मिल लगभग दस दिनों के भीतर बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, अब तक हम लगभग 11.85 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर चुके हैं। अब गन्ने की आपूर्ति काफी कम हो गई है। इसलिए मिल को लगभग दस दिन और चलाने के बाद बंद करने की योजना है।

महतो ने बताया कि, मिल प्रशासन किसानों से अपील करने के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है, ताकि जिन किसानों के पास अभी भी गन्ना बचा है, वे तुरंत मिल में लेकर आएं। दो सप्ताह पहले तक मिलों के गन्ना यार्ड पूरी तरह भरे हुए थे, लेकिन अब वहां केवल कुछ ही ट्रक और ट्रैक्टर दिखाई दे रहे हैं।

धनकौल ग्रामीण नगरपालिका-2 के किसान रामकल्याण यादव ने बताया कि, गांव में स्थित अन्नपूर्णा शुगर मिल में गन्ना लाने वाले किसानों की संख्या अब कम हो गई है। उनके अनुसार, चुनाव से पहले गन्ने से लदे ट्रक, ट्रैक्टर और ट्रेलर मिल के सामने सड़क तक कतार में लगे रहते थे, लेकिन अब यह क्षेत्र लगभग खाली हो गया है।

हालांकि, हरिओन स्थित इंदु शंकर शुगर इंडस्ट्री का कहना है कि उसे अभी भी पर्याप्त गन्ना मिल रहा है।मिल के गन्ना प्रबंधक योग नारायण राजक ने दावा किया कि, मिल लगभग दो सप्ताह और चल सकती है। उन्होंने बताया कि, 84 दिनों से चल रही इंदु शंकर मिल में अब तक लगभग 23.75 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की जा चुकी है।

राजक ने कहा, हम कम से कम 120 दिनों तक मिल चलाने की उम्मीद कर रहे हैं। यदि किसान गन्ना लाते रहे तो हम पूरे चैत्र महीने तक पेराई जारी रखने के लिए तैयार हैं। पेराई के अंतिम चरण में पहुंच चुकी चीनी मिलों ने बताया कि वे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किसानों को किस्तों में भुगतान कर रही हैं। इस वर्ष सरकार ने उद्योगों से गन्ने का मूल्य 620 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि इसके अलावा सरकार की ओर से 70 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी भी दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here