ओडिशा : 15 साल से बंद बडंबा चीनी मिल फिर होगी शुरू, IPL करेगा ₹360 करोड़ का निवेश

भुवनेश्वर : कटक जिले में स्थित और करीब 15 वर्षों से बंद पड़ी बडंबा सहकारी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) इस मिल के पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण के लिए लगभग ₹360 करोड़ का निवेश करेगा। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।इस संबंध में 6 मार्च 2026 को ओडिशा सरकार और इंडियन पोटाश लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते पर आईपीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एस. गहलौत और ओडिशा सरकार के सहकारिता विभाग के आयुक्त-सह-सचिव राजेश प्रभाकर पाटिल ने हस्ताक्षर किए। यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आयोजित हुआ। जागरण में प्रकाशित खबर के मुताबिक, कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव और भुवनेश्वर की सांसद अपराजिता सारंगी भी मौजूद रहे।

समझौते के मुताबिक बडंबा सहकारी चीनी मिल को एक वर्ष के भीतर पुनः चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। मिल की क्षमता 3,500 टीसीडी (टन गन्ना प्रतिदिन) होगी। इसके साथ,16 मेगावाट का को-जनरेशन पावर प्लांट, 10 टन प्रतिदिन क्षमता का बायो-सीएनजी प्लांट और अत्याधुनिक कोल्ड स्टोरेज सुविधा विकसित की जाएंगी। इस परियोजना से कटक जिले के बडंबा ब्लॉक के लगभग 10,000 किसानों को सीधा फायदा मिलने की संभावना है। मिल के चालू होने से गन्ना खेती को बढ़ावा मिलेगा, किसानों की आय बढ़ेगी और इलाके में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

समझौते के तहत ओडिशा सरकार आईपीएल को करीब 112 एकड़ जमीन लंबे समय के लीज पर उपलब्ध कराएगी, जहां चीनी मिल और उससे जुड़ी अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।आईपीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एस. गहलौत के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को स्थायी अवसर प्रदान करना, गन्ना खेती को बढ़ावा देना और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि आईपीएल इस परियोजना को सफल बनाने के लिए ओडिशा सरकार और स्थानीय किसानों के साथ मिलकर काम करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here