नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम के माध्यम से एक सरल जनस्वास्थ्य संदेश दिया — चीनी का सेवन कम करें और फिटनेस को प्राथमिकता दें। टीओआई में प्रकाशित खबर के मुताबिक, उन्होंने युवराज दुआ द्वारा पोस्ट की गई एक छोटी रील साझा की, जिसमें दुआ ने प्रधानमंत्री से अपने पिता को चीनी कम करने की सलाह देने का अनुरोध किया था। मोदी ने कहा कि, वे इस अपील को सिर्फ दुआ के माता-पिता तक ही नहीं, बल्कि सभी लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में अत्यधिक चीनी के सेवन के खतरों को रेखांकित किया और बताया कि यह कई बीमारियों से जुड़ा है तथा मोटापे की बढ़ती समस्या का कारण बन रहा है। उन्होंने लोगों को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया और इसे फिट रहने का प्रभावी तरीका बताया। यह संदेश सरकार के उस व्यापक प्रयास के अनुरूप है, जिसमें जीवनशैली में बदलाव—जैसे संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधि—के जरिए गैर-संचारी रोगों की रोकथाम पर जोर दिया जा रहा है।


















