कोल्हापुर: पिछले महीने से चल रहे गन्ना मूल्य आंदोलन पर राज्य सरकार और चीनी मिलर्स द्वारा कोई ठोस प्रक्रिया नहीं आने के कारण किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं का संयम टूटने लगा है। कोल्हापुर जिले में दिवाली पर गन्ना मूल्य आंदोलन भड़क गया है और प्रदर्शनकारियों द्वारा जगह-जगह गन्ने की कटाई और गन्ना परिवहन रोका जा रहा है। सोमवार को शिरोल तालुका के टाकलीवाड़ी में गन्ना परिवहन कर रहे ट्रैक्टर के पलटने से तनाव बढ़ गया है। रविवार रात वारणा चीनी मिल जा रहे गन्ने के ट्रैक्टरों को भी प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया।
‘वारणा’ के ट्रैक्टर में अज्ञात लोगों ने लगा दी आग…
स्वाभिमानी शेतकरी संगठन ने पिछले सीजन के गन्ने के लिए अतिरिक्त 400 रुपये प्रति टन और चालू सीजन के लिए 3500 रुपये प्रति टन की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। रविवार रात वारणा चीनी मिल गन्ना ले जा रहे एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई। यह घटना वाठार-पारगांव रोड पर चावरे फाटा के पास हुई।
चीनी मिल समर्थकों के साथ धक्कामुक्की …
सोमवार सुबह शिरोळ तालुका के कई गांवों में गन्ने की गाड़ियों को रोका गया। उनके टायर की हवा निकाली गई। टाकलीवाड़ी में कुछ किसानों का कहना था कि, हमें मिल में गन्ना सप्लाई करने से न रोका जाए। उन्हें किसान संगठनों ने चुनौती दी और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन और आंदोलन अंकुश के कार्यकर्ताओं ने गन्ने के खेत में जाकर गन्ने की ढुलाई रोक दी। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने चीनी मिल समर्थकों के साथ धक्कामुक्की की।
गन्ने की गाड़ियां पलट गईं…
जिले में कई जगह गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने गन्ने की गाड़ियां पलट दीं। आंदोलन की तीव्रता बढ़ती देख घटनास्थल पर पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। चीनी मिल के साथ ही इलाके के विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज करने के विरोध में हातकनंगले पुलिस स्टेशन तक मार्च निकाला, और चीनी मिल मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।
गुरुदत्त चीनी मिल क्षेत्र में तनाव…
जिले में गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों में आग लगाने की घटनाएं हो रही है। गुरुदत्त चीनी मिल के इलाके में आंदोलनकारी आक्रामक हुए है। इन सबके बीच स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने सीधे तौर पर राज्य सरकार को चेतावनी दी है।
किसानों के धैर्य की सीमा खत्म न हो: पूर्व सांसद राजू शेट्टी
राजू शेट्टी ने चीनी मिल मालिकों को चेतावनी दी है कि, अगर किसानों ने अपना धैर्य खो दिया तो उन्हें बहुत नुकसान होगा। शेट्टी ने पुलिस पर आरोप लगाया की, आप हमारा पैसा लूटने वालों की रक्षा करते हैं और किसानों पर मुकदमा करते है। इसका जवाब उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से पूछा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि, अगर इस संघर्ष को जल्द नहीं सुलझाया गया, तो यह और तेज हो जाएगा।
…क्या पुलिस देखती रहेगी ? : मंत्री हसन मुश्रीफ
खबर है कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 17 अक्टूबर को कोल्हापुर का दौरा करेंगे।शेट्टी ने चेतावनी दी है कि इस बार स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के कार्यकर्ता कोल्हापुर हवाईअड्डे पर उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरेंगे और उनसे जवाब मांगेंगे। जिले के संरक्षक मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि, कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी पुलिस की है। अगर गृह मंत्री का घेराव हो तो क्या पुलिस तमाशबीन की भूमिका निभाएगी?











