गन्ना मूल्य प्रति क्विंटल पांच सौ रुपये करना चाहिए : भारतीय किसान यूनियन (टिकैत)

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) : भारतीय किसान यूनियन टिकैत के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि, प्रदेश में लागत के हिसाब से गन्ने का मूल्य बहुत कम है। बढती महंगाई को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार को गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल कर देना चाहिए। साथ ही गन्ना भुगतान समय से होना चाहिए। गन्ना भुगतान में देरी से किसानों को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार को बजट में किसानों से सलाह लेकर किसानों की मांगों को शामिल किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि, प्रदेश की कुछ चीनी मिलें किसानों का गन्ने का भुगतान करने में आनाकानी कर रही हैं। सरकार को किसानों का गन्ना भुगतान जल्द से जल्द कराने के लिए चीनी मिलों को निर्देश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि, सरकार किसानों की समस्या हल करने में अब तक नाकाम साबित हुई है। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव चौधरी विनय कुमार, जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी, ऋषिपाल सिंह, अशोक चौधरी, उमेश त्यागी, संजीव कश्यप, मांगेराम कश्यप आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here