मौसम की मार से गन्ना उत्पादन घटा, शुगर मिलों को 20.22 लाख कुंतल कम गन्ना मिला

शामली (उत्तर प्रदेश) : जिले में इस बार प्रतिकूल मौसम के कारण गन्ना उत्पादन में कमी आई है, जिसका सीधा असर शुगर मिलों की पेराई पर पड़ा है। पांच मार्च तक के आंकड़ों के अनुसार, जिले की तीनों शुगर मिलों को पिछले वर्ष की तुलना में 20.22 लाख कुंतल कम गन्ना प्राप्त हुआ है। इसके चलते चीनी उत्पादन में भी गिरावट आने की संभावना है और मिलों को निर्धारित समय से 15 दिन से एक महीने पहले ही बंद करना पड़ सकता है। हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर के मुताबिक, पिछले वर्ष पांच मार्च तक जिले की तीनों मिलों में 211.47 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक केवल 191.25 लाख कुंतल गन्ने की ही पेराई हो सकी है।

गन्ने की कम उपलब्धता के कारण इस बार शुगर मिलों ने बी-हेवी शीरा भी तैयार नहीं किया। गन्ना उत्पादन कम होने से पेराई सत्र भी छोटा हो गया है। थानाभवन शुगर मिल ने इस बार 20 मार्च तक पेराई बंद करने की सूचना दी है, जबकि ऊन शुगर मिल 25 मार्च को बंद होगी। वहीं शामली शुगर मिल 10 अप्रैल तक ही संचालित होगी। पिछले वर्ष की तुलना में ये सभी मिलें पहले बंद हो रही हैं। जिला गन्ना अधिकारी राजेश कुशवाल के अनुसार, पिछले पेराई सत्र में जिले की तीनों मिलों ने कुल 28.91 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया था। इस बार अब तक 19.77 लाख कुंतल चीनी का ही उत्पादन हो पाया है, जिससे साफ है कि उत्पादन में गिरावट आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here