बुलंदशहर: जिले के गन्ना क्रय केंद्र, चीनी मिलों को जाने वाले मुख्य मार्गों तक किसानों की आसानी के साथ पहुंच बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग जनपद के 76 ऐसे मार्गों पर तारकोल रोड का निर्माण कराएगा। अमर उजाला में प्रकाशित खबर के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग की ओर से 331 किलोमीटर से लंबे इन मार्गों को चिह्नित कर लिया गया है।इन सभी मार्गों के निर्माण पर 125 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। तारकोल रोड तैयार होने के बाद गन्ना ढुलाई काफी आसान हो जाएगी। इससे मिलों और किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार शासन के निर्देश पर जनपद के गन्ना किसानों की गन्ना क्रय केंद्रों, चीनी मिल तक आसानी के साथ पहुंच बढ़ाने के लिए ऐसे संपर्क मार्गों, जंगल के मार्गों को चिन्हित करने के निर्देश दिया गया था, जो या तो कच्चे हैं, या उन पर खडंजा लगा हुआ है। मार्ग के चिह्नीकरण के लिए गन्ना विभाग, सिंचाई विभाग लोक निर्माण के अधिकारियों की कमेटी गठित की गई थी। तीनों विभागों के कर्मियों ने जनपद में ऐसे 76 मार्गों का चिह्नीकरण किया है।

















