लखनऊ : आईएसएमए (ISMA) के नवीनतम चीनी उत्पादन आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक चीनी उत्पादन 74.83 लाख टन रहा है। ‘चीनीमंडी’ से बात करते हुए उत्तम शुगर मिल्स के कार्यकारी निदेशक एस एल शर्मा ने बताया कि,पिछले सीजन की तुलना में इस बार उत्तर प्रदेश में चीनी उत्पादन में गिरावट का रुझान देखा जा रहा है।उन्होंने बताया, कुछ मिलें पहले ही अपना सीजन बंद कर चुकी हैं और उम्मीद है कि ज्यादातर मिलें पिछले सीजन की तुलना में इस बार पहले ही अपना सीजन बंद कर देंगी।
सीजन के जल्दी बंद होने के कारण बताते हुए शर्मा ने कहा कि, अगस्त और सितंबर 2025 में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण खड़ी गन्ना फसल को काफी नुकसान हुआ। इससे प्लांट और रैटून दोनों फसलों की पैदावार में कमी आई। उन्होंने बताया कि, गुड़ इकाइयों में ज्यादा गन्ना डायवर्जन भी एक कारण रहा। कम पैदावार और गुड़ की ज्यादा मांग के कारण गन्ने का बड़ा हिस्सा गुड़ बनाने में चला गया, जिसके कारण चीनी मिलों को नियंत्रित पेराई करनी पड़ी।
सकारात्मक पक्ष पर शर्मा ने कहा कि, इस सीजन में चीनी रिकवरी पिछले सीजन की तुलना में थोड़ी बेहतर है, साथ ही एथेनॉल के लिए गन्ने का डायवर्जन भी कम हुआ है। मिलों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उस पर उन्होंने कहा कि मिलें अभी भी अच्छी गन्ना किस्म (variety) की कमी से जूझ रही हैं। इसके अलावा खेत मजदूरों की समस्या भी बनी हुई है, जिससे कटाई, बुवाई और अन्य कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं।


















