बिजनौर : सहकारी गन्ना विकास समिति अफजलगढ़ की वार्षिक सामान्य निकाय की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समिति द्वारा कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में गत वर्ष की कार्रवाई की पुष्टि की गई।इसके साथ ही, वर्ष 2024-25 के संतुलन पत्र और फरवरी 2026 के समिति व्ययों के अनुमोदन पर विचार किया गया। वर्ष 2025-26 के आय-व्यय और प्रस्तावित बजट 2026-27 की स्वीकृति पर भी चर्चा हुई।समिति परिक्षेत्र की चीनी मिल अफजलगढ़ द्वारा पेराई सत्र 2025-26 में की गई गन्ना आपूर्ति, गन्ना मूल्य और विकास अंशदान के भुगतान की समीक्षा की गई। कृषकों की मांग के अनुरूप उर्वरक, कीटनाशक दवाइयां, कृषि यंत्र, कृषि रक्षा यंत्र और पाइप उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया।
बैठक के दौरान समिति की कुल आय 9 करोड़ 51 लाख रुपये और कुल व्यय 9 करोड़ 14 लाख रुपये पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अफजलगढ़ विश्वामित्र पाठक ने वसंत कालीन गन्ना बुवाई (प्रजाति CO-0238), गन्ने के रोग एवं कीटों से बचाव, बीज एवं भूमि उपचार तथा नई प्रजातियों की बुवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।इस अवसर पर चेयरमैन मलकीत सिंह, सचिव साहब सिंह सत्यार्थी, मुख्य महाप्रबंधक उमेश कुमार सिंह बिसेन, डिप्टी चेयरमैन संजीव कुमार, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अफजलगढ़ विश्वामित्र पाठक, गन्ना महाप्रबंधक लवकुश चौहान, गन्ना महाप्रबंधक स्योहारा प्रमोद कुमार, डायरेक्टर सरदार दलजीत सिंह, सतनाम सिंह, रवैल सिंह, वीरेंद्र सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

















